अब Facebook पर न्यूज पढ़ना बंद: कनाडा में सरकार के कानून से नाराज हुआ META, गूगल ने भी दी धमकी
मेटा ने कनाडा में मंगलवार से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर खबरों को ब्लॉक करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने यह फैसला उस कानून के विरोध के तौर पर लिया है जिसमें कहा गया है कि सोशल मीडिया कंपनियों को न्यूज के बदले समाचार प्रकाशक को पैसे देने होंगे।
इससे पहले कनाडा की सरकार ने अप्रैल 2022 में बिल C-18 पेश किया था। यह कानून चालू वर्ष के अंत से पहले प्रभावी होने के लिए तैयार है। इस बिल के लागू होने के बाद गूगल, मेटा जैसी टेक कंपनियों को न्यूज पब्लिशर्स के कंटेंट के लिए पेमेंट करना होगा।

इस बीच मेटा कनाडा के सार्वजनिक नीति प्रमुख राचेल कुरेन ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि कनाडाई सरकार हमारी वैल्यू समझेगी जो हम पहले से ही न्यूज इंडस्ट्री को पहुंचाते रहे हैं और एक ऐसी नीति पर विचार करेंगे जो स्वतंत्र और खुले के सिद्धांतों को कायम रखती है।
मेटा द्वारा कनाडा में न्यूज सुविधा बंद किए जाने के जवाब में सरकार सहित कई मीडिया कंपनी ने प्रतिक्रिया के रूप में मेटा के प्लेटफार्मों पर सभी विज्ञापनों को रोक दिया है। वहीं, मेटा द्वारा न्यूज फीड बंद किए जाने के बाद अब गूगल ने भी ऐसी ही धमकी दी है।
ऑनलाइन समाचार अधिनियम क्या है?
ऑनलाइन समाचार अधिनियम मेटा और गूगल जैसी प्रमुख तकनीकी कंपनियों को उनकी सामग्री के उपयोग के लिए कनाडाई समाचार प्रकाशकों के साथ सौदे करने के लिए बाध्य करता है।
नए कानून की क्यों पड़ी जरूरत?
दरअसल 2008 के बाद से कनाडा में 470 से अधिक मीडिया आउटलेट बंद हो गए हैं। इसके साथ ही इस दौरान पत्रकारिता की एक तिहाई नौकरियां खत्म हो गईं। ऐसे में लोकल कनाडाई न्यूज सेक्टर को सपोर्ट करने के लिए ये कानून बनाया गया है।
क्या कहता है कानून?
कानून में कहा गया है कि डिजिटल दिग्गजों को अपने प्लेटफॉर्म पर शेयर की जाने वाली खबरों और सूचनाओं के लिए कनाडाई समाचार आउटलेट्स के साथ पार्टनरशिप करनी होगी अन्यथा उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
मेटा-गूगल का क्या कहना है?
मेटा और गूगल जैसे प्लेटफॉर्म का तर्क है कि उनके प्लेटफार्मों पर शेयर किए गए न्यूज कंटेंट से मीडिया हाउस को फायदा होता है। उन्हें बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के नए-नए पाठक मिल जाते हैं और उनकी खबरों की पहुंच पूरी दुनिया तक होती है। ऐसे में अतिरिक्त पैसे देने का कोई मतलब नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications