'ऐसी हिंसा बर्दाश्त नहीं होगी', MP Melissa Hortman की हत्या पर भड़के Trump, दी कड़ी चेतावनी
Melissa Hortman Murder Case: मिनेसोटा में डेमोक्रेटिक सांसद मेलिसा हॉर्टमैन और उनके पति की हत्या के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाया है। 14 जून 2025 (शनिवार) को जारी एक बयान में ट्रंप ने इस हमले को 'भयावह' और 'लक्षित' करार देते हुए कहा कि मुझे मिनेसोटा में हुई गोलीबारी की जानकारी दी गई है, जो राज्य के सांसदों के खिलाफ सुनियोजित हमला प्रतीत होता है। संयुक्त राज्य अमेरिका में ऐसी हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मिनेसोटा में क्या हुआ?
मिनेसोटा (Minnesota) के चैंपलिन और ब्रुकलिन पार्क में शनिवार सुबह दो डेमोक्रेटिक सांसदों-प्रतिनिधि मेलिसा हॉर्टमैन (Melissa Hortman) और सीनेटर जॉन ए. हॉफमैन (State Senator John A. Hoffman) -पर उनके घरों में हमला हुआ। मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने इसे 'राजनीति से प्रेरित' गोलीबारी करार दिया। इस हमले में मेलिसा हॉर्टमैन और उनके पति मार्क की मौत हो गई, जबकि सीनेटर हॉफमैन और उनकी पत्नी यवेट घायल हो गए और उनका इलाज जारी है।

एबीसी न्यूज के अनुसार, दोनों सांसदों के घर मिनियापोलिस के उत्तर में, एक-दूसरे से लगभग 8 मील की दूरी पर स्थित हैं। मिनेसोटा ब्यूरो ऑफ क्रिमिनल अप्रेहेन्शन के अधीक्षक ड्रू इवांस ने बताया कि पहले हॉफमैन और उनकी पत्नी को गोली मारी गई, और लगभग 90 मिनट बाद हॉर्टमैन और उनके पति को निशाना बनाया गया।
पुलिस अधिकारी के भेष में आए थे हमलावर
अधिकारियों का मानना है कि संदिग्ध ने पुलिस अधिकारी का भेष धारण कर घरों में प्रवेश किया। हमलावर हॉर्टमैन के घर के पास पुलिस के साथ गोलीबारी के बाद फरार हो गया। संदिग्ध की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
मेलिसा हॉर्टमैन के बारे में
मेलिसा हॉर्टमैन मिनेसोटा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की प्रभावशाली डेमोक्रेटिक सांसद थीं, जो 2019 से 2025 तक सदन की अध्यक्ष रहीं। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और शिक्षा की समर्थक हॉर्टमैन अपने पति मार्क और दो बच्चों, कॉलिन और सोफी, के साथ ब्रुकलिन पार्क में रहती थीं।
जांच जारी
पुलिस और जांच एजेंसियां हमलावर के मकसद और इस लक्षित हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हैं। यह घटना मिनेसोटा के राजनीतिक और सामाजिक माहौल में गहरा आघात छोड़ गई है।
ये भी पढ़ें- कौन थीं Melissa Hortman? जिनकी पति समेत गोली मारकर हुई हत्या, एक अन्य MP घायल, जानें कैसे क्या हुआ?












Click it and Unblock the Notifications