वियतनाम: हनोई में 9 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग से 50 से अधिक लोगों की मौत, कई बच्चे भी शामिल
वियतनाम की राजधानी हनोई में एक 9 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अब तक 50 से अधिक लोगों की मौत की आशंका है। इस दुखद घटना में कम से कम 54 लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं।
एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इमारत से बचाए गए कई लोगों को जख्मी होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक मरने वालों की सही संख्या की पुष्टि नहीं की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस 9 मंजिला बिल्डिंग में करीब 150 लोग रहते थे। बचाव कर्मियों ने करीब 70 लोगों को रेस्क्यू कर लिया है। आग बुझा दी गई है लेकिन बचाव कार्य जारी है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है।
वियतनाम न्यूज एजेंसी के मुताबिक हादसा स्थानीय समयानुसार रात करीब 11:30 बजे हुआ। इसके बाद मौके पर पहुंचे बचाव कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस आग लगने के कारण की जांच कर रही है।
अगलगी की विभत्सता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ये घटना रात को हुई थी लेकिन दिन में भी इमारत से घने गहरे धुएं का गुबार निकलता दिखाई दिया।
AFP की रिपोर्ट के मुताबिक इमारत की छोटी बालकनियां लोहे से घिरी हुई थीं। अपार्टमेंट ब्लॉक में केवल एक ही निकलने की जगह थी और इसके अलावा कोई इमरजेंसी दरवाजा भी नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications