अमेरिका के सेंट लुईस में पार्टी के दौरान गोलीबारी, 1 की मौत, 9 घायल
अमेरिका के सेंट लुईस में देर रात 1 बजे एक पार्टी के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस गोलीबारी में 1 लड़के की मौत हो गई है, जबकि 9 लोग इसमे घायल हुए हैं
अमेरिका के सेंट लुईस में रविवार को गोलीबारी की खबर सामने आई है। इस गोलीबारी में एक नाबालिग के मारे जाने की खबर है जबकि कम से कम 9 लोग इसमे घायल हुए हैं। यह गोलीबारी रविवार की रात तकरीबन 1 बजे एक बिल्डिंग के भीतर हुई है, जहां एक पार्टी चल रही थी।
मेयर तिशूरा जोन्स ने बताया कि गोलीबारी के दौरान 17 साल के एक लड़के की मौत हो गई है। जोन्स ने कहा कि इस फादर्स डे पर सेंट लुईस में परिवार एक और गोलीबारी की खबर के साथ जगे हैं। यह हर माता पिता के लिए सबसे बुरे सपने की तरह साबित हो रहा है।

मेयर ने कहा कि जिन परिवारों के लोग इस घटना में घायल हुए हैं उनके लिए मेरा दिल दुख से भरा हुआ है। इस गोलीबारी में जो लोग घायल हुई हैं उनकी उम्र 15-19 वर्ष के बीच है। इस दौरान 17 साल की एक लड़की को भी गंभीर रूप से चोट आई है।
पुलिस ने मौके से कई हथियार बरामद किए हैं। जिसमे एआर-15 स्टाइल की राइफल और हैंडगन शामिल है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, इस बिल्डिंग का मालिक कौन है और यहां हो रही पार्टी किसने दी थी।
जिस तरह से अमेरिका में गोलीबारी की इतनी सारी घटनाएं सामने आई हैं, उसको लेकर मेयर जोन्स ने डर जाहिर किया है और कहा कि यह जगह पहले बहुत सुरक्षित हुआ करती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। बता दें कि अमेरिका में इस तरह की गोलीबारी की घटनाएं एक नई समस्या बनकर सामने आई है।












Click it and Unblock the Notifications