अमेरिका: कैलिफोर्निया में चीनी न्यू ईयर मना रहे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग, 10 लोगों के मौत की खबर
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 19 घायल हैं। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

Concept Image
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बार फिर से मास शूटिंग की खबर है। बताया जा रहा है कि चीनी नए साल के मद्देनजर आयोजित समारोह में गोलीबारी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रात साढ़े 3 बजे मोंटेरी पार्क इलाके में यह गोलीबारी हुई। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 19 घायल हैं। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
बता दें कि मोंटेरे पार्क में चीनी नव वर्ष मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बताया गया है कि यह मामला नस्लभेद से जुड़ा है। स्थानीय लोगों और एशियन कम्युनिटी के बीच हिंसा हुई। इसमें 17 साल का एक चीनी मूल का युवक भी मारा गया है। कुछ देर में पुलिस इस बारे में बयान जारी कर सकती है। इस घटना की खबर मिलते ही राहत बचाव का काम शुरू कर दिया गया। हादसे में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चीनी मूल के लोग बहुसंख्यक
मोंटेरे पार्क लॉस एंजिल्स काउंटी के सैन गेब्रियल घाटी में एक शहर है, जो लॉस एंजिल्स शहर से लगभग सात मील दूर है।सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मोंटेरी पार्क की आबादी करीब 60 हजार है। इस इलाके में लगभग 65 प्रतिशत एशियाई अमेरिकी और 27 फीसदी लोग हिस्पैनिक या लैटिनो हैं। एशियाई अमेरिकी लोगों में अधिकांश आबादी चीनी मूल के लोगों की है। यहां पर चीन, जापान, ताइवानऔर वियतनाम के कई प्रवासी आकर बसे हुए हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट की मानें तो मोंटेरी पार्क इलाका बेहद शांतिप्रिय है। यहां आमतौर पर बेहद कम हिंसा या हंगामा की घटनाएं होती हैं।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
BBC के मुताबिक चीनी नव वर्ष के अवसर पर यहां शनिवार लगभग दस हजार लोग इकठ्ठा हुए थे। पुलिस ने भी कहा है कि घटना के वक्त कई हजार लोग मौजूद थे। इसलिए मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। यहां दो दिन का फेस्टिवल चल रहा था। लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग ने कहा कि गोली मारने वाला संदिग्ध पुरुष है। एक चश्मदीद ने लॉस एंजेलिस टाइम्स को बताया कि तीन लोग उसके रेस्तरां में भागे हुए आए और उससे कहा कि वह दरवाजा बंद कर ले क्योंकि इलाके में एक मशीनगन के साथ एक आदमी घूम रहा है। उसके पास में भारी मात्रा में गोली-बारूद भी है।












Click it and Unblock the Notifications