फ्लोरिडा का नाइट क्लब फिर बना निशाना, फायरिंग में दो की मौत
फ्लोरिडा। अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा में एक नाइट क्लब को फिर से निशाना बनाया गया है। वेस्टर्न फ्लोरिडा के फोर्ट मेयर्स स्थित नाइट क्लब में हुई फायरिंग में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है और करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब क्लब में 'टीन नाइट' सेलिब्रेशन के दौरान लोग इकट्ठा थे। इस इवेंट में 13 वर्ष की उम्र के बच्चे भी शामिल थे।
सोमवार तड़के हुई घटना
फायरिंग की यह घटना सोमवार को तड़के हुई है और क्लब का नाम क्लब ब्लू है। फ्लोरिडा के ली काउंटी स्थित शेरिफ के ऑफिस में तैनात लेफ्टिनेंट जिम मुलीगन ने जानकारी दी है कि दो लोगों की मौत के अलावा करीब 17 लोग घायल हो गए हैं।
पागलखाने में तब्दील हुआ घटनास्थल
फोर्ट मेयर्स के न्यूजचैनल विंक न्यूज की ओर से के घटनास्थल के बारे में जानकारी दी गई है कि यह जगह बिल्कुल किसी पागलखाने जैसी नजर आ रही है।
गोलियों की आवाज सुनते ही लोग नाइट क्लब से बाहर आ रहे हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक उसने 30 बार गोलियों की आवाज सुनी है। इस प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हमलावरों के पास काफी भारी मात्रा में हथियार हैं।
हमलावर बचकर भागा
घटनास्थल के पास से गुजर रहे लोगों के मुताबिक लोग चीखते हुए बाहर आ रहे हैं। बाकी लोगों को एंबुलेंस में अस्पताल ले जाया जा रहा है। एक व्यक्ति के मुताबिक उसका एक दोस्त क्लब में था तभी फायरिंग शुरू हो गई।
इस व्यक्ति के मुताबिक उसने जब फोन पर कॉल किया तो फोन नहीं लगा और उसे अपने दोस्त की कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद वह क्लब की ओर भागा। क्लब से बाहर आए उसके एक और दोस्त ने बताया कि हमलावर भाग गया है और पुलिस उसका पीछा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications