अमेरिका के कैथोलिक चर्च में 600 बच्चों का यौन शोषण, 156 पादरियों पर आरोप, 80 साल तक छिपाते रहे करतूतें
463 पन्नों की एक रिपोर्ट से ये खुलासे हुए हैं। 80 साल तक चले इस यौन शोषण को चर्च की तरफ से दशकों तक छुपाने की कोशिश भी की गई।

Image: Oneindia
अमेरिका के मैरीलैंड के एक चर्च में 150 से अधिक पादरियों द्वारा 600 से अधिक बच्चों के यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया है। 463 पेज की इस रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है कि बीते 80 सालों में कैथोलिक पादरियों ने ऐसी घटना को अंजाम दिया।
मैरीलैंड के अटॉर्नी जनरल एंथनी ब्राउन द्वारा बुधवार को जारी इस रिपोर्ट को 4 सालों की जांच के बाद तैयार किया गया है। जांचकर्ताओं ने 2019 में अपना काम शुरू किया और 1940 के दशक से लेकर हाल तक के 1 लाख से भी अधिक पृष्ठों के दस्तावेजों की समीक्षा की और सैकड़ों पीड़ितों और गवाहों का साक्षात्कार लिया।
इस रिपोर्ट को नवंबर 2022 में ही तैयार किया जा चुका था। लेकिन अदालती अनुमति मिलने के बाद इसे अब जारी किया गया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पादरी अधिकतर उन बच्चों को निशाने पर लेते थे जो जो मजबूर थे और चर्च में कई छोटे बड़े काम करते थे।
इस रिपोर्ट में पादरियों के नाम सहित उनके दुर्व्यवहार का वर्णन किया है और बताया गया है कि उन्होंने क्या किया है। शोषण के दौरान इन बच्चों से कहा जाता था कि ये भगवान की मर्जी है। शोषण के दौरान बच्चों को धमकी भी दी जाती थी कि अगर उन्होंने किसी को भी इस बारे में बताया तो उनके परिवार के लोग नर्क में चले जाएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक एक पादरी ने 100 से अधिक बच्चों के साथ छेड़छाड़ करना स्वीकार किया। एक अन्य पुजारी ने हेपेटाइटिस का उपचार करने के बहाने बच्चों संग दुर्व्यवहार किया। मैरीलैंड की इस रिपोर्ट में सिर्फ एक व्यक्ति जो जिंदा है उसे आरोपित किया गया है। उस पादरी का नाम नील एडरबर्ग है।
74 वर्षीय नील एडलबर्ग को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। उस पर बलात्कार और अन्य मामलों में आरोप लगाया गया था। ज्यादातर आरोपियों की पहली ही मौत हो चुकी है। रिपोर्ट जारी करने की मंजूरी देने वाले बाल्टिमोर के जज टेलर ने कहा- आरोपियों की मृत्यु के बाद हम सभी मामलों का खुलासा और इनकी गणना करके ही पीड़ितों को न्याय दिला सकते हैं।
456 पन्नों की रिपोर्ट बनाने में दो अटॉर्नी जनरल शामिल थे। अटॉर्नी जनरल ब्राउन ने अपने ऑफिस में यौन शोषण का मामला दर्ज करने के लिए एक हॉटलाइन भी स्थापित की है। उनके मुताबिक इसके जरिए अब तक 300 से ज्यादा लोग संपर्क कर चुके हैं।
मैरीलैंड अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने कहा कि पीड़ितों की संख्या इस आंकड़े से कहीं अधिक हो सकती है। बाल्टीमोर आर्कबिशप विलियम लोरी ने ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक बयान में पीड़ितों से माफी मांगी। उन्होंने कहा,"दुर्व्यवहार के विस्तृत विवरण चौंकाने वाले और आत्मा को झकझोरने वाले हैं।"
रिपोर्ट में ऐसे 33 पादरी शामिल हैं जिनके नाम पहले किसी मामले में सामने नहीं आए थे। साथ ही चर्च से जुड़े 146 आरोपियों के नाम हैं, जिनमें ज्यादातर पुरुष हैं जो बतौर पुजारी सेवा कर चुके हैं। इसके अलावा 10 लोग ऐसे हैं जिनके नाम अभी सामने नहीं आए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक ये लोग अभी भी जीवित हो सकते हैं और मुमकिन है कि अब तक इनकी पहचान न की गई हो। इससे पहले अमेरिका के इलिनोइस प्रांत में करीब 700 पादरियों पर बच्चों के यौन शोषण का आरोप लगा था। हालांकि चर्च ने इसकी संख्या 185 बताई थी।












Click it and Unblock the Notifications