हैती राष्ट्रपति पति की पत्नी ने कराई हत्या, EX-PM के साथ मिलकर बनाया प्लान, अखबार में चौंकाने वाला खुलासा
हैती के दिवंगत राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज की हत्या में उनकी विधवा मार्टीन मोइज का नाम सामने आया है। एक लीक दस्तावेज के आधार पर ऐसा दावा किया गया है कि विधवा मार्टीन मोइज ने पूर्व प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ के साथ मिलकर राष्ट्रपति पति को मारने की साजिश रची थी।
रिपोर्ट के मुताबिक हत्या की जांच कर रहे एक जज वाल्थर वेसर वोल्टेयर के 122 पेज के दस्तावेज में राष्ट्रपति की पत्नी मार्टीन मोइज, पूर्व प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ, एक पूर्व पुलिस प्रमुख लियोन चार्ल्स पर हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया गया है।

स्थानीय मीडिया आउटलेट अयिबोपोस्ट द्वारा सोमवार को प्रकाशित 122 पन्नों के लीक दस्तावेज में बताया गया है कि कैसे राष्ट्रपति की विधवा, मार्टीन मोइज ने कथित तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ के साथ मिलकर राष्ट्रपति को मारने की साजिश रची, ताकि वह खुद उनकी जगह ले सके।
इस लीक दस्तावेज में कहा गया है कि मार्टीन ने पूर्व प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ के साथ मिलकर राष्ट्रपति को मारने की साजिश रची थी और अपने पति की हत्या के दो दिन बाद ही उनके उत्तराधिकारी बनने की योजना बनाई थी।
दस्तावेज में जज वाल्थर वेसर वोल्टेयर ने जुलाई 2021 में मोइज़ की उनके निजी आवास पर गोली मारकर हत्या करने में शामिल लगभग 50 लोगों की गिरफ्तारी और मुकदमा चलाने का आदेश दिया है।
दस्तावेज के अनुसार, जिस रात राष्ट्रपति की हत्या हुई थी, उस रात जो कुछ हुआ था, उसके बारे में पूर्व प्रथम महिला ने जो कुछ भी कहा है उसमें कई विसंगतियां हैं। जैसे कि एक बयान में पूर्व प्रथम महिला ने कहा है कि जब अपराधी उनके रूम में घुसे तो वह बिस्तर के नीचे छुप गई थी।
लेकिन घटनास्थल पर जांचकर्ताओं ने दावा किया कि वहां इतनी कम जगह थी कि एक बड़ा सा चूहा भी वहां पर छुपने में सक्षम नहीं होगा। मार्टीन मोइज के बयान को लेकर रिपोर्ट में कहा गया है कि वे इतने विरोधाभासों से भरे हुए हैं कि उन्हें साफ-साफ इस हादसे का जिम्मेदार ठहराते हैं।
हैती के दिवंगत राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज की 2021 में उनके ही घर में हत्या कर दी गई थी। 7 जुलाई 2021 की रात हुई इस घटना में हथियारबंद लोगों ने राष्ट्रपति भवन में घुस कर मोइज की गोली मारकर हत्या कर दी थी, इस हमले में मार्टीन मोइज भी घायल हुई थी
राष्ट्रपति को 12 बार गोलियां मारी गईं और उनके माथे पर और धड़ पर कई गोलियां लगीं। जांच कर रहे न्यायाधीशों में से एक के अनुसार, उनकी बाईं आंख निकाल ली गई थी और उनकी बांह और टखने की हड्डियां टूट गई थीं।
हालाँकि, अभियोग अपने पति की हत्या या इसकी योजना में मार्टीन मोइसे की संलिप्तता का कोई प्रत्यक्ष सबूत प्रदान करने में विफल रहा है। इस बीच कई आरोपियों ने दावा किया है कि हैती के वर्तमान प्रधानमंत्री एरियल हेनरी अपने विरोधियों पर मुकदमा चलाने के लिए अदालत को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
पूर्व पीएम जोसेफ ने कहा, "हेनरी... हैती न्याय प्रणाली को हथियार बना रहा है, मेरे जैसे राजनीतिक विरोधियों पर मुकदमा चला रहा है। यह एक क्लासिक तख्तापलट है।''। जोसेफ ने आगे कहा, "वे 7 जुलाई 2021 को मुझे और मार्टीन मोइज को मारने में विफल रहे, अब वे अपने मैकियावेलियन एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए हैती न्याय प्रणाली का उपयोग कर रहे हैं।"
इससे पहले मार्टीन मोइज भी अपने पति की हत्या में शामिल होने के आरोपों पर इनकार कर चुकी हैं। मार्टीन मोइज ने सोशल मीडिया पर प्रतक्रिया देते हुए इसको अन्यायपूर्ण गिरफ्तारी और राजनीतिक उत्पीड़न बताया है। मार्टीन मोइज फिलहाल किसी अज्ञात स्थान पर छिपी हुई है।
ईधर अमेरिका के मियामी में हैती के राष्ट्रपति मोइज की हत्या पर एक अलग मामला चलाया जा रहा है। अमेरिका का कहना है कि ये मामला उसके भी अधिकार क्षेत्र में आता है क्योंकि हत्या की साजिश का एक हिस्सा दक्षिण फ्लोरिडा में रचा गया था। हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications