एयरस्ट्राइक के जवाब में पाक ने मचाया कोहराम, ईरान में घुसकर कई आतंकवादी मार गिराए, बताया क्यों किया हमला?
बलूचिस्तान में हुए ईरानी हमलों के बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई की है। पाक सेना ने ईरान के चाबहार इलाके में गुरुवार तड़के हमले किए हैं। दावा किया गया है कि पाकिस्तान ने बलूच लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के ठिकानों को निशाना बनाया है।
पाकिस्तान ने अब इसकी पुष्टि भी कर दी है। इस हमले में 7 लोगों की मौत हो गई है। ईरानी मीडिया ने बताया कि हमले में चार बच्चे और 3 महिलाओं की मौत हुई है और ये ईरानी नागरिक नहीं थे। हालांकि पाकिस्तान ने कहा है कि उसने कई आतंकियों को मार गिराया है।

विदेश कार्यालय ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान ने ईरान के सीस्तान-ओ-बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया। इस हमले का कोड नेम मार्ग बार सरमाचर था। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस हमले में पाकिस्तानी सेना ने ईरान में शरण लेकर रह रहे पाकिस्तानी मूल के आतंकवादियों को निशाना बनाया गया।
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, "आज सुबह पाकिस्तान ने ईरान के सिस्तान ओ बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों के खास तौर पर चिह्नित ठिकानों पर हमले किए। खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए 'मार्ग बार सर्माचार' नाम के ऑपरेशन में कई आतंकवादी मारे गए हैं।"
"पिछले कुछ सालों में ईरान से बातचीत के दौरान पाकिस्तानी मूल के आतंकवादियों, जो ख़ुद को सर्माचार कहते हैं, के संबंध में पाकिस्तान ने ईरान को कई सबूत दिए थे। लेकिन वे पाकिस्तान में आम लोगों का खून बहाते रहे। इन तथाकथित सर्माचारों के खिलाफ पुख्ता सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई।"
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, "पाकिस्तान अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को हर खतरे से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पाकिस्तान अपनी सुरक्षा के लिए आगे भी इस तरह के कदम उठाता रहेगा।"
वहीं, पाकिस्तान के एक सुरक्षा अधिकारी ने गुरुवार को सीएनएन को बताया कि पाकिस्तान ने ईरान के अंदर सात स्थानों को निशाना बनाया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान ने ईरान की सीमा में 40-50 किलोमीटर अंदर घुसकर हमला किया है।
ईरानी राज्य मीडिया आईआरएनए की रिपोर्ट के अनुसार, प्रांत के डिप्टी गवर्नर के अनुसार, ईरान के दक्षिण-पश्चिमी सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत के सारावन शहर के पास गुरुवार सुबह कई विस्फोट सुने गए। आईआरएनए ने कहा, सुरक्षा अधिकारी जांच कर रहे हैं। सीएनएन ने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है।












Click it and Unblock the Notifications