King Charles Coronation: कौन हैं भारतवंशी शेफ मंजू मल्ही? राज्याभिषेक समारोह में बतौर अतिथि होंगी शामिल
वरिष्ठ नागरिकों के लिए काम करने वाले परोपकारी संस्था से जुड़ी मल्ही को कोविड-19 के दौरान लंदन में सामुदायिक सेवा के लिए चार्ल्स की मां, दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा बीईएम से सम्मानित किया गया था।

ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय का राजतिलक 6 मई को होगा। ब्रिटिश एम्पायर मेडल (BEM) से सम्मानित भारतीय मूल की शेफ को लंदन में होने वाले महाराज चार्ल्स और महारानी कैमिला के राज्याभिषेक समारोह में हिस्सा लेंगी।
शेफ मंजू मल्ही और 850 ब्रिटिश एम्पायर मेडल से सम्मानित अन्य लोगों को राज्याभिषेक समारोह में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए काम करने वाले परोपकारी संस्था से जुड़ी मल्ही को कोविड-19 के दौरान लंदन में सामुदायिक सेवा के लिए BEM से सम्मानित किया गया था।
मंजू मल्ही अंतिम बैच में शामिल हैं, जिन्हें दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा BEM से सम्मानित किया गया। मंजू मल्ही ब्रिटिश भारतीय फैशन डिजाइनर गीता हांडा द्वारा डिजाइन की गई इंडो-वेस्टर्न पोशाक पहनने के लिए तैयार हैं।
मंजू मल्ही एक पेशेवर शेफ हैं जो 'ओपन एज' नामक परोपकारी संस्था में 2016 से कार्यरत हैं। यह संस्था लंदन में 50 साल या इससे अधिक उम्र के लोगों को अपनी सेहत और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद करती है।
मंजू ने कोविड-19 के 'ओपन एज' की रसोई को सदस्यों और कर्मचारियों के लिए कुकिंग स्कूल और रेस्तरां में तब्दील कर दिया और दूरस्थ माध्यम से कुकिंग की कक्षाएं उपलब्ध कराईं।
मल्ही का जन्म ब्रिटेन में हुआ है। वह शेफ और खाने पीने की चीज़ों पर लेखन भी करती हैं। उनकी परवरिश उत्तर-पश्चिम लंदन में हुई है और वह एंग्लो-भारतीय व्यंजन की विशेषज्ञ हैं। उन्होंने अपने बचपन के कई साल भारत में भी गुजारे हैं।
आपको बता दें कि ये ब्रिटेन के 70 साल के इतिहास में इस तरह का पहला आयोजन है। इसलिए इस खास मौके के लिए लंदन में वेस्टमिंस्टर एबे को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसके लिए दुनियाभर की करीब 2,000 कई जानी-मानी हस्तियों को निमंत्रण भेजा गया है। आयोजन पर 10 करोड़ पाउंड खर्च होने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications