श्रीलंकाः राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठ सेल्फी लेना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोलंबो, 03 अगस्तः 9 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में अवैध रूप से घुसे और राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठ फोटो खिंचाने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोलंबो अपराध विभाग ने आरोपी को डेरानियागला में गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार संदिग्ध व्यक्ति की उम्र 28 साल है। उसकी पहचान समनपुरगामा निवासी के रूप में हुई है। संदिग्ध को कल अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस को अन्य व्यक्तियों की भी तलाश
श्रीलंका में बीते महीने स्थिति हद से बाहर चली गई थी। लोगों ने राष्ट्रपति भवन को कब्जा कर लिया था। वहीं, प्रधानमंत्री आवास में आग लगा दी गई थी। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक तस्वीर खूब वायरल हुई थी जिसमें एक शख्स राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठकर स्टाइल में फोटो खिंचा रहा है। पुलिस ने इसी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस राष्ट्रपति भवन में उपद्रव करने वाले अन्य लोगों को भी गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
मार्च में ही शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन
महंगाई, कई घंटों की बिजली कटौती, जरूरी सामानों की कमी से जूझ रहे श्रीलंका में मार्च महीने से प्रदर्शन शुरू होने लगे थे। सबसे पहले कलाकार, आईटी प्रोफेशनल्स, नाटककार और कैथोलिक पादरियों का एक समूह बना जिसने गोटबाया राजपक्षे की वंशवाद की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए आवाज बुलंद की। वंशवाद के खिलाफ इस आंदोलन को जन अरगालय (Jana Aragalaya) नाम दिया गया। इसके बाद देश की राजधानी कोलंबों में 31 मार्च को बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्श के बाद लोगों का गुस्सा बढ़ता गया और नौबत यहां तक आ गई कि राजपक्षे परिवार को सत्ता गंवानी पड़ी। नौ जुलाई को जनता कोलंबों में ऐसे सड़क पर उतरी कि देश के महामहिम को अपने ही राष्ट्रपति भवन से भागना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications