पागलपन की हद पार: शख्स ने सुपरमार्केट में रखे सामानों में मिलाया अपना खून, CCTV से खुली पोल
नई दिल्ली, 24 फरवरी: दुनिया अजीबोगरीब लोगों से भरी पड़ी है। कुछ महीनों पहले ब्रिटेन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था, जहां पर एक शख्स ने कई सुपरमार्केट में रखे खाद्य उत्पादों में अपना खून मिल दिया। उसकी ये करतूत वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसे अब अदालत में उसके खिलाफ पेश किया गया है। (वीडियो-नीचे)

तीन सुपरमार्केट में किया ऐसा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये घटना लंदन की है। वहां पर पिछले साल लिओई एलघरीब नाम के शख्स ने अपना खून कम से कम तीन सुपरमार्केट में रखे सामानों में इंजेक्ट किया। इस मामले में पुलिस ने सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज अब पेश किया है। साथ ही गलत इरादे से सामानों को दूषित करने का आरोप लगाया, लेकिन आरोपी खुद को बरी करने की मांग कर रहा है।

छोटी बाल्टी में लेकर गया था सिरिंज
लंदन के आइलवर्थ क्राउन कोर्ट में मंगलवार को जो सीसीटीवी फुटेज पेश किया गया। उसमें शख्स सुपरमार्केट में हाइपोडर्मिक सुइयों की एक छोटी बाल्टी लेकर प्रवेश करता दिखाई दिया। इसके बाद उसने वहां पर रखे सामान को उठाया और उसमें अपना ब्लड इंजेक्ट करने लगा। इसमें सेब, चिकन आदि खाने के सामान शामिल थे।

5 लाख पाउंड का नुकसान
सुपरमार्केट की ओर से कोर्ट को बताया गया कि उन्हें 5 लाख पाउंड का नुकसान हुआ है, क्योंकि इंजेक्टेड सामान को फेंकना पड़ा। इसके अलावा उसके अंदर मौजूद सभी ग्राहकों को बाहर भेजा गया, साथ ही उनका सामान वहीं पर छुड़वा दिया गया। बाद में तलाशी लेने पर 21 सिरिंज बरामद हुईं। आरोपी पर सुरक्षागार्ड को धक्का देने और डॉक्टर पर सुई फेंकने का भी आरोप लगा है।

मानसिक रूप से है बीमार
एलघरीब की ओर से पेश हुए वकीलों ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति सही नहीं है। जिस वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया। कोर्ट में पेश सलाहकार फोरेंसिक मनोचिकित्सक डॉ ब्रैडली हिलियर ने भी माना कि आरोपी की हालत वारदात के वक्त सही नहीं थी, लेकिन अभी कोर्ट ने इस पर फैसला नहीं सुनाया है।












Click it and Unblock the Notifications