जाकिर नाईक के प्रत्यर्पण पर मलेशिया के पीएम का बड़ा बयान
नई दिल्ली। विवादित मुस्लिम उपदेशक जाकिर नाईक को भारत को सौंपने पर मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने मंगलवार को नया बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जाकिर नाईक को भारत को प्रत्यर्पित करने की मांग को वह आसानी से नहीं मानेंगे। उन्होंने कहा कि हम इस बात को पूरी तरह से सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी मांग को सुनने से पहले सभी अहम पहलुओं पर विचार किया जाए। आपको बता दें कि जाकिर नाईक कथित रूप से आतंकी गतिविधियों और धन शोधन के मामले में शामिल है, जिसके बाद वह भारत से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

महातिर ने जाकिर नाईक से मुलाकात के बाद कहा कि हम दूसरों की मांग को आसानी से नहीं मानते हैं। जवाब देने से पहले हमे सभी अहम पहलुओं पर विचार करना होगा। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो कोई भी व्यक्ति पीड़ित बन जाता है, लिहाजा हम किसी भी मांग को मानने से पहले सभी पहलुओं पर गौर करेंगे। मलेशिया सरकार के इस रवैये पर नाईक ने सरकार का शुक्रिया अदा करते हुए कहा है कि मैं सरकार और प्रधानमंत्री का धन्यवाद देता हूं कि यहां कि सरकार ने इस मामले में तर्कपूर्ण तरीके से गौर किया है।
आपको बता दें कि इससे पहले खबर आई थी कि जाकिर नाईक को भारत लाया जा रहा है, लेकिन इस खबर के गलत साबित होने पर जाकिर नाईक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके भारतीय मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा था कि एक बार फिर से भारतीय मीडिया का असली चेहरा सामने आ गया है, जिसने मेरे बारे में मनगढ़ंत और झूठी खबर प्रकाशित की। इसी तरह से भारतीय मीडिया ने पहले भी मेरे बारे में टीआरपी के लिए गलत खबरें प्रकाशित की थीं।
इसे भी पढ़ें- अशांति फैलाने के आरोप में बॉम्बे कोर्ट ने जाकिर नाईक को राहत देने से किया इनकार












Click it and Unblock the Notifications