हमारी सदियों पुरानी दोस्ती, कमजोर नहीं होने देंगे... राष्ट्रपति मुइज्जू ने PM मोदी को दी गणतंत्र दिवस की बधाई
Republic Day 2024: नई दिल्ली और माले के बीच राजनयिक विवाद के बीच मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने शुक्रवार को 75वें गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी को अलग-अलग संदेश भेजा है।
मालदीव के राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में, मुइज्जू ने दोनों देशों के बीच "आपसी सम्मान और रिश्तेदारी की गहरी भावना" पर आधारित "सदियों पुरानी दोस्ती" का उल्लेख किया है।

PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू के नाम अपने संदेश में मुइज्जू ने लिखा है, "मैं भारत सरकार और वहां के नागरिकों को इस मौके पर शुभकामनाएं देता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि भारत और मालदीव के बीच सदियों से चला आ रही दोस्ती आने वाले समय में और मजबूत होगी। मैं भविष्य में भारत सरकार और लोगों के लिए लगातार शांति और प्रगति की कामना करता हूं।"
राष्ट्रपति के साथ-साथ मालदीव के विदेश मंत्री मूसा ज़मीर ने भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं। मूसा जमीर ने एक्स पर लिखा, "भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के खुशी के अवसर पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और भारत के मैत्रीपूर्ण लोगों को हार्दिक बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे यकीन है कि मालदीव और भारत के बीच दोस्ती और सहयोग के संबंध मजबूत होंगे। और आने वाले वर्षों में भी ये फलता-फूलता रहेगा।"
आपको बता दें कि भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली में मौजूद अलग-अलग देशों के दूतावासों ने अनोखे ढंग से गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। रूसी दूतावास ने एक वीडियो के जरिए बधाई संदेश दिया। इसमें ऐंबैसी स्टाफ, उनके परिजन और बच्चे प्रोफेश्नल डांसर्स के साथ गदर फिल्म के गाने 'मैं निकला, गड्डी ले के' पर थिरकते नजर आए।
इसके अलावा अमेरिकी दूतावास के वीडियो में राजनयिकों, स्टाफ और उनके परिजन रंगोली बनाते और बच्चे तिरंगा लहराते नजर आए। वहीं इजराइली राजयनिकों ने भी पारंपरिक भारतीय पोशाक में भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।












Click it and Unblock the Notifications