भारतीय पर्यटकों के बायकॉट से डरा मालदीव, राष्ट्रपति मुइज्जू ने चीन से की और टूरिस्ट भेजने की मांग
India-Maldives Row: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू चीन के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मंगलवार को चीन से ये अपील की कि वे उनके देश में और अधिक पर्यटकों को भेजने के प्रयास करें। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय पर्यटकों द्वारा बड़ी संख्या में मालदीव यात्रा रद्द किए जाने की खबरें आ रही हैं।
चीन की अपनी पांच दिवसीय राजकीय यात्रा के दूसरे दिन, राष्ट्रपति मुइज्जू ने मंगलवार को फ़ुज़ियान प्रांत में मालदीव बिजनेस फोरम को अपने संबोधन में चीन को द्वीप राष्ट्र का निकटतम सहयोगी बताया। उन्होंने कहा कि चीन हमारे सबसे करीबी सहयोगियों और विकास साझेदारों में से एक बना हुआ है।

मालदीव के राष्ट्रपति ने 2014 में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा शुरू की गई बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) परियोजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने मालदीव के इतिहास में देखी गई सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाएं प्रदान कीं।
इसके साथ ही उन्होंने चीन से मालदीव में अपने पर्यटकों का प्रवाह बढ़ाने का आग्रह किया। मालदीव के राष्ट्रपति ने कहा कि कोरोनाकाल से पहले चीन हमारा (मालदीव का) नंबर एक बाजार था, और मेरा अनुरोध है कि हम चीन को इस स्थिति को फिर से हासिल करने के लिए प्रयास तेज करें।
मालदीव पर्यटन मंत्रालय द्वारा पहले जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत 2023 में देश के लिए सबसे बड़ा पर्यटक बाजार बना हुआ है। मालदीव में पर्यटकों की सबसे अधिक संख्या 2,09,198 आगमन के साथ भारत से थी, इसके बाद 2,09,146 आगमन के साथ रूस दूसरे स्थान पर और 1,87,118 आगमन के साथ चीन तीसरे स्थान पर था।
एक साल पहले 2022 में, 240,000 आगमन के साथ भारत मालदीव पर्यटन बाजार में शीर्ष पर रहा। 198,000 पर्यटकों के साथ रूस दूसरे स्थान पर रहा और 177,000 से अधिक पर्यटकों के साथ ब्रिटेन तीसरे स्थान पर रहा।












Click it and Unblock the Notifications