ईरान के मिसाइल हमले को नाकाम करने में इजराइल के 'आयरन डोम' की इस देश ने की मदद, रिपोर्ट में खुलासा
Israel Iran Conflict News: दुनिया में बीते तीन सालों से कई देश जंग के मैदान में उतर चुके हैं। इसमें यूक्रेन-रूस के साथ-साथ इजराइल भी युद्ध का सामना कर रहा है। गाजा पट्टी पर फिलीस्तीन के हमास आतंकी संगठन से जहां इजराइल जमकर लोहा ले रहा है तो दूसरी तरफ सीरिया पर एक अप्रैल को हुए हमले का ईरान ने बदला लेते हुए इजराइल पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन से हमला बोला।
रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलें के अलावा ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया। हालांकि उस वक्त खबरें आई कि ईरान ने इजराइल पर करीब 350 मिसाईलों से हमला किया। इनमें से 99% को इजराइल ने अपने आयरन डोम से रोक दिया।

लेकिन अब एक रिपोर्ट में इस दावे को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। हमले के आंकड़ों का विश्लेषण करने वाली एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 13 अप्रैल को ईरान द्वारा इजराइल की ओर लॉन्च की गई अधिकांश मिसाइलों और ड्रोनों को इजराइल द्वारा नहीं बल्कि संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा रोका और मार गिराया गया था।
अमेरिकी न्यूज आउटलेट 'द इंटरसेप्ट' से बात करने वाले अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने कहा कि आधे से अधिक विमान इजराइल पहुंचने से पहले ही अमेरिकी विमानों और मिसाइलों द्वारा नष्ट कर दिए गए थे।
रिपोर्ट में यूएस सेंट्रल कमांड के हवाले से कहा गया है कि उसके बलों ने ईरान और यमन से इजरायल पर हमला करने के इरादे से 80 से अधिक एकतरफा हमले वाले मानव रहित हवाई वाहनों (ओडब्ल्यूए यूएवी) और कम से कम छह बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक नष्ट किया।
हालांकि अमेरिका ने यह खुलासा नहीं किया है कि उसके विमान ने इन हथियारों को कहां रोका। मालूम हो कि सऊदी अरब में अमेरिका का सक्रिय सैन्य अड्डा है। बता दें कि इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने एक बयान में कहा कि लगभग 25 क्रूज मिसाइलों को "देश की सीमाओं के बाहर IAF (इज़राइली वायु सेना) के लड़ाकू जेट द्वारा रोक दिया गया था"।
गौरतलब है कि ईरान और इजराइल के बीच तनाव की स्थिति उस वक्त बनी, जब ईरान ने कहा कि उसका हमला सीरिया की राजधानी दमिश्क में तेहरान के वाणिज्य दूतावास पर 1 अप्रैल को हुए घातक हवाई हमले के बदले में था, इस घटना के लिए व्यापक रूप से इजराइल को जिम्मेदार ठहराया गया था।












Click it and Unblock the Notifications