Celina Jaitley के भाई मेजर Vikrant क्यों 1 साल से UAE की जेल में हैं बंद? कहां अटकी भारत की मदद? जानें सबकुछ
Major Vikrant Jaitely: 6 सितंबर 2024 की शाम, दुबई के मॉल ऑफ द एमिरेट्स की बेसमेंट पार्किंग में मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली और उनकी पत्नी चारुल अपनी कार की ओर जा रहे थे। तभी काले कपड़े पहने दो नकाबपोश लोग उनके पास आए। उन्होंने चारुल को किनारे किया, विक्रांत को पकड़ा और काली SUV में डालकर ले गए। गाड़ी तुरंत तेज़ी से भागी-और तब से आज तक उन्हें सार्वजनिक रूप से किसी ने नहीं देखा।
UAE की 'ब्लैक बॉक्स डिटेंशन' का क्लासिक केस
जेटली का मामला UAE की उस कुख्यात प्रक्रिया का उदाहरण बन गया है जिसे 'ब्लैक बॉक्स डिटेंशन' कहा जाता है-यानी ऐसी हिरासत जिसमें न कोई स्पष्टीकरण होता है और न ही सार्वजनिक जानकारी। उनकी बहन और एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने खुले तौर पर चिंता जताई है और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

सेलिना जेटली ने हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया
सेलिना, जो विक्रांत की इकलौती बहन हैं, उन्होंने ने दिल्ली हाई कोर्ट से भाई की सुरक्षा, कानूनी सहायता और राजनयिक हस्तक्षेप की मांग की है। विक्रांत पर कोई आधिकारिक आरोप आज तक उजागर नहीं हुआ है, और UAE अधिकारी इस मामले पर पूरी तरह चुप हैं। बताया जा रहा है कि केवल कुछ भारतीय शीर्ष अधिकारी ही जानते हैं कि विक्रांत पर किस "नेशनल सिक्योरिटी" से जुड़ी आशंका के तहत गिरफ्तारी हुई है।
अबू धाबी की अल-वथबा जेल में बंद हैं मेजर जेटली
मिल रही जानकारी के अनुसार, विक्रांत इस समय अबू धाबी की अल-वथबा जेल में हैं और उनकी स्थिति "चिंताजनक" बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पूरा मामला संवेदनशील राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है और UAE किसी बाहरी दखल के बिना अपनी जांच पूरी करना चाहता है।
UAE क्यों चुप है? सुरक्षा मामलों में गोपनीयता आम बात
सूत्र बताते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में UAE इस तरह की गोपनीय कार्रवाइयाँ करता है। भारतीय अधिकारियों के अनुसार, UAE का मानना है कि उनके पास पर्याप्त खुफिया सबूत हैं और यह मामला अभी जांच के बीच में है। कुछ मामलों में कानूनी कार्यवाही शुरू होने तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती-जैसे कतर में भारतीय नौसेना कर्मियों पर जासूसी का केस।
आखिरी बात-राखी वाले दिन
सेलिना ने बताया कि उन्होंने भाई से आखिरी बार 19 अगस्त 2023 की राखी पर बात की थी। चारुल ने उन्हें विक्रांत की गिरफ्तारी की खबर 28 सितंबर को दी। सेलिना का आरोप है कि भारतीय अधिकारियों से consular access मिलने के बावजूद जवाब टालमटोल भरे थे।
हाई कोर्ट ने सरकार से रिपोर्ट मांगी
दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को मामले पर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
सेलिना के वकील राघव कक्कर ने कहा कि कोर्ट के आदेश से उम्मीद है कि भारत और UAE दोनों सरकारें समन्वय कर विक्रांत की रिहाई सुनिश्चित करेंगी।
MEA का बयान-चार बार consular मुलाकात
7 नवंबर की प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि-
• भारतीय दूतावास इस मामले से अवगत है
• चार बार consular मुलाकात की गई
• विक्रांत के परिवार से भी लगातार संपर्क में हैं
• ज़रूरत पड़ने पर हर संभव सहायता दी जाएगी
"मैंने अपने भाई को खोने में सब कुछ खो दिया"
तलाक और घरेलू हिंसा के केस से जूझ रहीं सेलिना ने 'द प्रिंट' से कहा- "मैंने विक्रांत को खोजते-खोजते सब कुछ खो दिया है। अब मेरी आखिरी उम्मीद सिर्फ मेरी सरकार है। मेरा भाई चौथी पीढ़ी का सैनिक है, जिसने अपनी जवानी देश की सेवा में बिताई।"
विक्रांत और चारुल-एक बिजनेस बैकग्राउंड
पूर्व 'Mrs UAE' रह चुकीं चारुल के साथ मिलकर विक्रांत 'माटिटी ग्रुप' के को-फाउंडर हैं, जो-
• कंसल्टिंग
• मानव पूंजी विकास
• ICT समाधान
• रणनीति कार्यान्वयन
• बिजनेस इंटेलिजेंस जैसी सेवाएं देता है।
याचिका के अनुसार, विक्रांत 2016 में UAE गए थे और उसी साल कंपनी शुरू हुई। बाद में चारुल बिजनेस से हट गईं और अब भारत में हैं।
भाभी ने भी बंद कर दी सेलिना से बात
याचिका में लिखा है कि जुलाई 2025 में चारुल ने सेलिना को केस में दूर रहने की सलाह दी थी और कहा था कि वे न्यूनतम भागीदारी रखना चाहती हैं। इसके बाद से चारुल ने संपर्क बंद कर दिया।
यह सिर्फ एक केस नहीं-कई भारतीय वेटरन UAE में डिटेंशन में
विक्रांत अकेले नहीं हैं। सैन्य खुफिया, साइबर सुरक्षा और साइबर इंटेलिजेंस से जुड़े कई भारतीय और विदेशी विशेषज्ञ UAE में हिरासत में हैं। ब्रिटेन के साइबर इंटेलिजेंस विशेषज्ञ एंड्रयू ग्रुनस्टीन भी जनवरी 2024 से UAE की हिरासत में हैं।
2023 से लगातार गिरफ्तारियां-ज्यादातर साइबर इंडस्ट्री के लोग
2023 के अंत से लेकर अब तक साइबर सुरक्षा से जुड़े युवाओं, IT प्रोफेशनल्स और OSINT एक्सपर्ट्स पर कार्रवाई तेज़ हुई है। भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल ब्रायन मिरांडा भी हिरासत में बताए जा रहे हैं।
ब्रायन मिरांडा-विक्रांत जेटली से कैसे जुड़े?
मिरांडा खुद को साइबर इंटेलिजेंस विशेषज्ञ बताते हैं और कई साइबर सुरक्षा कंपनियों के सह-संस्थापक रहे हैं-जैसे डिजिटल इनसाइट्स, फ्रोनेसिस और Plus971।
सूत्रों ने बताया-
• मिरांडा और जेटली संभवतः साथ काम कर रहे थे
• चारुल ने 2020 में एक लिंक्डइन पोस्ट में दोनों को टैग किया था
• विक्रांत भी साइबर इंटेलिजेंस प्रोजेक्ट्स में एक्टिव थे
• UAE के स्थानीय बाजार में दोनों का नेटवर्क काफी मजबूत था
कहा जा रहा है कि इस केस में मिरांडा, जेटली के लिए "कड़ी" हो सकते हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications