नेपाल में भूकंप के तेज झटके, कई घर गिरे, भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस हुआ कंपन
बाजुरा जिले के एसपी सूर्य थापा ने कहा कि इस इलाके में भूकंप के बाद कुछ घर ढह गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

Image: ANI
नेपाल सहित भारत के कुछ हिस्सों में मंगलवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस भूकंप का केंद्र नेपाल का बाजुरा जिले के मेला इलाके में था। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 मापी गई है। स्थानीय समयानुसार यह भूकंप 2:43 मिनट पर आया। एएनआई से बाजुरा जिले के एसपी सूर्य थापा ने कहा कि इस इलाके में भूकंप के बाद कुछ घर ढह गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
नेपाल में अक्सर आते रहते हैं भूकंप
इससे पहले 9 नवंबर को नेपाल में भूकंप आया था जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी। एक मकान के गिर जाने के बाद उसमें दबकर इन लोगों की मौत हो गई थी। इस भूकंप की तीव्रता 6.3 थी। नेपाल में आए दिन कम तीव्रता वाले भूकंप आते रहते हैं। हालांकि, कभी-कभी अधिक तीव्रता वाले भूकंप आने की वजह से मामला बिगड़ जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक हिमालय रेंज में टेक्टोनिक प्लेट अस्थिर हो जाने के कारण नेपाल में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। नेपाल में ये झटके उत्तराखंड से सटे हिमालयन रेंज पर आते हैं। यही वजह है कि इनका असर दिल्ली एनसीआर तक देखने को मिलता है।
इससे पहले 25 अप्रैल 2015 में 7.8 तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप के झटकों से नेपाल दहल गया था। इसमें करीब 9,000 लोग मारे गए थे और 22,000 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसका केंद्र नेपाल से 38 किलोमीटर दूर लामजुंग में था। नेपाल में 81 साल में ऐसा जबरदस्त भूकंप आया था। इससे पहले 1934 में नेपाल और उत्तरी बिहार में 8.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 10,600 जानें गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications