लैटिन अमेरिका में कोरोना से मौत का आंकड़ा 15 लाख के पार, US के बाद ब्राजील में हो रही हैं सबसे अधिक मौतें
वॉशिंगटन, अक्टूबर 09। कोरोना का डेल्टा वेरिएंट भारत में कहर बरपाने के बाद अब अमेरिका समेत कई यूरोपिय देशों में तबाही मचा रहा है। ब्राजील और अमेरिका में कोरोना के मामले अभी भी बहुत तेजी से सामने आ रहे हैं। इतना ही नहीं वैक्सीनेशन के बावजूद भी यहां मरने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, लैटिन अमेरिका में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा 15 लाख को पार कर गया है। आपको बता दें कि लैटिन अमेरिका वो क्षेत्र है, जिसमें 20 से अधिक देश शामिल हैं। इनमें ब्राजील, अर्जेंटीना, कोलंबिया, पेरू जैसे देश शामिल हैं।

ब्राजील में कोरोना से मौत का आंकड़ा 6 लाख के पार
लैटिन अमेरिका के देशों में सबसे ज्यादा खराब स्थिति तो ब्राजील की है, जहां शुक्रवार को कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 6 लाख के पार चला गया। ब्राजील में कोरोना के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लगभग 21 करोड़ की आबादी वाले इस देश में अभी तक कोरोना के कुल मामले 2 करोड़ से अधिक दर्ज किए जा चुके हैं। लैटिन अमेरिका में कोरोना से होने वाली मौत का कुल आंकड़ा 1,500,350 पहुंच गया है, जबकि कोरोना के कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 4 करोड़ 50 लाख को पार कर गया है।
ब्राजील के बाद इन देशों में कोरोना से मौतें सबसे अधिक
आपको बता दें कि संयुक्त राज्य अमेरिका के बाद ब्राजील ही दूसरा ऐसा देश है, जहां कोरोना संक्रमण का असर सबसे अधिक है। मौतों के मामले में ब्राजील के बाद मेक्सिको, पेरू, कोलंबिया और अर्जेंटीना का नंबर आता है। कोरोना के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य अधिकारी भी चिंतित हैं। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना महामारी को केवल एक बार कंट्रोल में माना जा सकता है, हमारे पास अभी 80 प्रतिशत आबादी को वैक्सीनेट करने के लिए वैक्सीन है।
ब्राजील की 45 फीसदी आबादी पूरी तरह वैक्सीनेट
आपको बता दें कि ब्राजील में अभी तक 71 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की कम से कम सिंगल डोज दी जा चुकी है। वहीं 45 फीसदी आबादी पूरी तरह से वैक्सीनेट हो चुकी है। इसके बावजूद भी कोरोना के मामले बहुत अधिक सामने आ रहे हैं। ब्राजील में वैक्सीनेशन प्रोग्राम अर्जेंटीना और अमेरिका के बाद जनवरी अंत में शुरू हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications