AT2021LWX: ब्रह्मांड का अबतक का सबसे विशाल विस्फोट! किसी भी ज्ञात सुपरनोवा से 10 गुना भड़कीला
अंतरिक्ष में वैज्ञानिकों ने एक ऐसा विस्फोट देखा है, जो अबतक का सबसे विशाल ब्रह्मांडीय विस्फोट बताया जा रहा है। यह तीन साल से भी ज्यादा से अपनी उग्रता का प्रदर्शन कर रहा है।

खगोलविदों ने अंतरिक्ष में इतना विशाल ब्रह्मांडीय विस्फोट देखा है, जितना बड़ा अभी तक नहीं देखा गया था। यह तीन साल से अधिक समय से अपनी उग्रता का प्रदर्शन कर रहा है। इस घटना को खगोल विद्वानों ने AT2021LWX नाम दिया है। इसके बारे में जानने के बाद खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वालों की जिज्ञासा बढ़ गई है।

अबतक का सबसे विशाल ब्रह्मांडीय विस्फोट
स्पेस डॉट कॉम के मुताबिक AT2021LWX किसी भी ज्ञात सुपरनोवा से भी 10 गुना ज्यादा चमकीला है। सुपरनोवा की घटना तब होती है, जब को कोई विशाल तारा अपने विकास के अंतिम चरण में होता है। आम तौर पर इस तरह के ब्रह्मांडीय विस्फोट कुछ महीनों तक के लिए होते हैं, लेकिन पहली बार यह बहुत ज्यादा समय तक चला है।

पृथ्वी से 8 अरब प्रकाश वर्ष दूर है विस्फोट वाला क्षेत्र
इसके मुताबिक ब्रह्मांड के जिस क्षेत्र में अबतक का सबसे विशाल ब्रह्मांडीय विस्फोट हुआ है, वह इलाका पृथ्वी से 8 अरब प्रकाश वर्ष दूर है। ब्रह्मांड का लगातार विस्तार हो रहा है और विस्फोट तब हुआ था, जब यह करीब 6 अरब साल पुराना था।

खगोलीय घटना टीडीई कब होती है?
AT2021LWX को टाइडल डिसरप्शन इवेंट्स (TDEs) से भी तीन गुना ज्यादा भड़कीला बताया जा रहा है। टीडीई एक ऐसी खगोलीय घटना है, जो तब होती है जब एक तारा विशालकाय ब्लैक होल के काफी करीब पहुंच जाता है; और इसके ज्वारीय बल के द्वारा अलग कर दिया जाता है।
Recommended Video

AT2021LWX का पता कैसे चला?
रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना को सबसे पहले 2020 में कैलिफोर्निया के ज्विकी ट्रांसिएंट फैसिलिटी ने पकड़ा था। इसके बाद हवाई स्थित एस्टेरॉयड टेरिस्ट्रियल-इंपैक्ट लास्ट अलर्ट सिस्टम (ATLAS) ने खोजा था।
संयोग से दिख गया अबतक का सबसे विशाल विस्फोट
साउथेम्प्टन यूनिवर्सिटी के रिसर्च फेलो डॉक्टर फिलिप वाइजमैन ने इस घटना के बारे में स्काई न्यूज को बताया है, 'हम संयोग से इस तक पहुंचे, क्योंकि जब हम एक प्रकार के सुपरनोवा की तलाश कर रहे थे तो हमारे सर्च एल्गोरिद्म ने इसे फ्लैग किया था।'

ज्वारीय विघटन की घटनाएं कब होती हैं?
इस रिसर्च की अगुवाई करने वाले डॉक्टर फिलिप ने आगे बताया कि 'ज्यादातर सुपरनोवा और ज्वारीय विघटन की घटनाएं इनके विलुप्त होने से पहले केवल कुछ महीनों तक ही चलती हैं। कोई चीज दो साल से भी ज्यादा समय तक चमकदार रहे, तत्कालिक रूप से ही ये बहुत ही असमान्य था।'
अबतक के सबसे विशाल ब्रह्मांडीय विस्फोट का कारण क्या है?
रॉयल एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइट की मासिक सूचना में इस असाधारण ब्रह्मांडीय घटना के बारे में पूरी विस्तृत रिसर्च प्रकाशित हुई है। इसमें तर्क दिया गया है कि यह विस्फोट एक बहुत ही विशालकाय ब्लैक होल की वजह से गैसों के विशाल बादल के बाधित होकर फटने की वजह से हुआ होगा।

पिछले साल दिखा था सबसे चमकीला विस्फोट
हालांकि, मौजूदा घटना के कारण के बारे में अभी भी कुछ ठोस रिसर्च की आवश्यकता बताई जा रही है। वैसे पिछले साल खगोलविदों ने अबतक का सबसे चमकीला विस्फोट देखा था। इसमें एक गामा-रे फट गया था, जिसे GRB 221009A के नाम से जाना जाता है। (तस्वीरें- सांकेतिक)












Click it and Unblock the Notifications