अचानक से दिखा सांप तो महिला कार छोड़कर भागी, पुलिस को किया फोन, जानिए फिर क्या हुआ..
वॉशिंगटन। कभी आपने सोचा है कि अगर आप कार चला रहे हैं और अचानक से आपको कार के भीतर सांप दिख जाए तो क्या होगा। अमेरिका में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। अमेरिका के मिसोरी शहर की पुलिस को एक महिला ने फोन किया वह काफी डरी हुई थी। महिला ने बताया कि उसकी कार में सांप है और मैंने कार को हाईवे पर खड़ा कर दिया है। यही नहीं महिला ने बताया कि जब उसने सांप को देखा तो उसने गाड़ी को हाईवे पर ही खड़ा किया और वहां से भाग गई।

कार से निकलकर भागी महिला
यूरेका पुलिस विभाग ने फेसबुक पर एक पोस्ट करके इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी है। जिसमे कहा गया है कि महिला जब अपनी कार से दूसरे शहर जा रही थी, इसी दौरान उसने कार में सांप देखा और वह उसे देखकर चौंक गई। दरअसल सांप ड्राइवर की ओर बढ़ रहा था और इसके बाद महिला ने डर के मारे पुलिस को फोन किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने देखा कि सांप बहुत सुकून से कार के भीतर बैठा हुआ था और उसने कार से बाहर निकलने से इनकार कर दिया।

दूसरी जगह खींचकर ले जाया गया कार को
कार के मालिक की अनुमति के बार इस कार को दूसरी जगह पर खींचकर ले जाया गया, इस दौरान सांप कार के भीतर ही बैठा रहा। पुलिस सांप को बाहर नहीं निकाल सकी। जिसके बाद सूनसान जगह पर कार को खड़ा किया गया और पुलिस इंतजार करने लगी कि कब यह सांप शांतिपूर्वक कार से बाहर आए। पुलिस ने फेसबुक पोस्ट में इस सांप की एक तस्वीर को भी साझा किया है। तस्वीर में देखा जा सकता है कि सांप कार की मैट के नीचे सोडा बोतल के पास आराम से बैठा है। काफी देर तक इंतजार करने के बाद सांप ने कार से बाहर निकलने का फैसला लिया। स्थानीय नागरिक ने सांप को सुरक्षित जगह तक पहुंचाने में मदद की। जिसके बाद महिला अपनी कार को लेकर अपने सफर के लिए गईं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट
पुलिस द्वारा फेसबुक पर शेयर किए गए इस पोस्ट को सैकड़ों लोग साझा कर चुके हैं और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे लाइक व कमेंट कियाहै। एक यूजर ने लिखा कि अगर मैं कार के भीतर होता तो हाइवे से निकलने की कोशिश में ही बर्बाद हो जाता। जबकि दूसरे यूजर ने लिखा कि अगर मैं होता तो कार में लगी आग को बुझाने वाली चीज का इस्तेमाल करता।












Click it and Unblock the Notifications