2024 में 3 जासूसी सैटेलाइट लॉन्च करेगा उत्तर कोरिया, किम जोंग ने दक्षिण कोरिया पर कब्जे का भी बनाया प्लान
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने एक बार फिर से अमेरिकी प्रतिबंधों को धत्ता बताते हुए ऐलान किया है कि वो आने वाले साल 2024 में 3 नए जासूसी सैटेलाइन लॉन्च करेगा।
इससे पहले उत्तर कोरियाई तानाशाह ने हथियार बनाने वाली कंपनियों और परमाणु हथियारों वाले विभागों को ये आदेश दिया था कि वो जंग की तैयारियों को तेज कर दें। किम जोंग उन ने देश की सेना को अमेरिका से मुकाबला करने के लिए तैयार रहने का आदेश दिया था।

योनहाप समाचार एजेंसी ने कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) का हवाला देते हुए बताया कि उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन अगले साल तीन अतिरिक्त जासूसी उपग्रह लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं।
किम जोंग की ये घोषणा पिछले महीने देश के पहले जासूसी उपग्रह के सफलतापूर्वक लॉन्च करने के बाद आई है। इससे पहले उत्तर कोरिया ने मई और अगस्त में दो बार जासूसी उपग्रह का प्रक्षेपण किया था लेकिन उसे इसमें असफलता हाथ लगी थी। दो असफल प्रयासों के बाद 21 नवंबर को उत्तर कोरिया को बड़ी कामयाबी मिली जब मल्लिगयोंग-1 उपग्रह सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित हुआ।
केसीएनए की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया की सेंट्रल कमेटी की पांच दिवसीय पूर्ण बैठक के समापन पर उत्तर कोरियाई नेता ने ये घोषणा की। किम जोंग उन ने कहा, "दुश्मनों द्वारा हम पर आक्रमण करने के लापरवाह कदमों के कारण, यह निश्चित है कि कोरियाई प्रायद्वीप पर किसी भी समय युद्ध छिड़ सकता है।"
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ऐसा माना जा रहा है कि उत्तर कोरिया ने यूक्रेन युद्ध में मास्को की मदद के लिए हथियारों की आपूर्ति की है जिसके बदले में रूस से उसे तकनीकी सहायता प्राप्त हुई है। यही वजह है कि उत्तर कोरिया लगातार जासूसी उपग्रह लॉन्च करने की बात कह रहा है।
किम जोंग उन ने कहा, "हमें आने वाले परमाणु संकट पर तेजी से प्रतिक्रिया देने और दक्षिण कोरिया पर नियंत्रण करने की तैयारियों में तेजी लाने के लिए परमाणु बल सहित सभी भौतिक साधन जुटाने की जरूरत है।" इसके लिए किम जोंग ने देश के परमाणु शस्त्रागार को बढ़ाने और नौसेना को अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने का आदेश दिया है।
इसके साथ ही किम ने अपनी प्रमुख रक्षा परियोजनाओं को पूरा करने के लिए शक्तिशाली मानवरहित सशस्त्र हवाई वाहन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के साधन विकसित करने का आह्वान किया।












Click it and Unblock the Notifications