Khamenei Viral Video: ‘शहादत' चाहने वाले बच्चे को दिया था खास आशीर्वाद, वीडियो में देखें सुप्रीम लीडर का जवाब
Khamenei Viral Video: ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद भी सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा बनी हुई है। उनका एक पुराना वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है। वीडियो में एक छोटा बच्चा उनसे कहता दिखाई देता है कि वह "शहीद" होना चाहता है। इस पर खामेनेई का जवाब कई लोगों के लिए चौंकाने वाला है। उन्होंने बच्चे को समझाते हुए कहा कि पहले पढ़ाई करो, वैज्ञानिक बनो, अपनी ज़िंदगी जीयो। समाज और कौम के लिए बहुत कुछ करो और जब उम्र ढल जाए, तब शहीद होना।
यह वीडियो उस समय फिर चर्चा में आया जब हालिया हमलों के दौरान खामेनेई के रुख को लेकर कई दावे सामने आए। ईरान की सरकारी मीडिया में दावा किया जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों के दौरान उन्होंने अपना घर छोड़ने या छिपने से इनकार कर दिया था। उन्होंने डटकर हमलों का सामना करने की बात कही थी। ईरान की सरकारी मीडिया और उनके समर्थक उन्हें शहीद तक कह रहे हैं।

Khamenei Viral Video: शहादत चाहने वाले बच्चे को दी थी वैज्ञानिक बनने की सलाह
सोशल मीडिया पर उनका एक क्लिप वायरल हो रहा है। इसमें खामेनेई से बच्चा कहता है कि वह बड़े होकर शहादत देना चाहता है। इसके जवाब में उन्होंने कहा था कि अभी तुम बहादुर बनो, खूब पढ़ो। इसके अलावा, उन्होंने कहा था, 'इस्लाम के रास्ते पर चलो, वैज्ञानिक बनो। कुछ आविष्कार करो और फिर जब 75-80 साल के हो जाना तब शहीद होना।'
खामेनेई का ईरान के बच्चों को संदेश था कि वे कम उम्र में 'शहादत' की चाहत के बजाय शिक्षा, विज्ञान और जीवन के अनुभव पाने की कोशिश करें। उनका कहना था कि देश और समाज के लिए योगदान देने का सबसे बड़ा तरीका ज्ञान और सेवा भी है।
Khamenei Viral Video: सोशल मीडिया पर आ रहे रिएक्शन
हालांकि, मौजूदा वैश्विक राजनीतिक परिस्थितियों में यह वीडियो अलग संदर्भ के साथ शेयर किया जा रहा है। ईरान-इजरायल तनाव और अमेरिका के साथ टकराव के बीच यह क्लिप राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गई है। कुछ लोग इसे खामेनेई के व्यक्तित्व और सोच की झलक बता रहे हैं, तो कुछ इसे मौजूदा हालात से जोड़कर प्रतीकात्मक संदेश मान रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications