खालिस्तान ही नहीं उर्दुस्तान भी बनाना चाहता है पन्नू, करना चाहता है देश के कई टुकड़े, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू को बेनकाब करने के लिए भारत की एजेंसी ने नया डोजियर तैयार किया है। इस डोजियर से पता चला है कि पन्नू सिर्फ खालिस्तान सिर्फ नहीं बनाना चाहता, बल्कि वह उर्दुस्तान बनाने की भी ख्वाहिश रखता है।
एनआईए ने चंडीगढ़ और अमृतसर में खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की संपत्तियों को जब्त किया है। इसके साथ ही एजेंसी ने पन्नू को लेकर तैयार डोजियर में खुलासा किया है कि वह भारत के टुकड़े-टुकड़े की हसरत रखता है और चाहता है कि कई अलग मुल्क तैयार हो जाएं।

इस डोजियर में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू कैसे भारत के टुकड़े करना चाहता है, उसकी प्लानिंग की पूरी खुफिया रिपोर्ट है। पन्नू सिर्फ खालिस्तान नहीं चाहता, उसका इरादा है कि भारत से कश्मीर भी अलग हो जाए और मुस्लिमों के लिए एक अलग देश तैयार हो।
डोजियर के मुताबिक पन्नू भारत में धार्मिक आधार पर विभाजन चाहता है। पन्नू देश के मुस्लिमों को बहला-फुसलाकर एक मुस्लिम देश बनाना चाहता हैं जिसका नाम वो डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ उर्दुस्तान रखना चाहता है। इसके अलावा वो कश्मीर के लोगों को भी रेडिक्लाइज कर रहा है जिससे कश्मीर को भारत से अलग किया जा सके।
नए डोजियर के मुताबिक पन्नू पर पूरे देश में 16 केस दर्ज हैं। उस पर UAPA के तहत पंजाब के सरहिंद, अमृतसर, गुरुग्राम, धर्मशाला और दिल्ली में 4 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा एनआईए द्वारा UAPA के तहत भी उसपर केस दर्ज है। इस तरह UAPA के तहत उसे कुल 9 मामलों में आरोपी माना गया है।
डोजियर के मुताबिक, 1947 के वक्त बंटवारे के समय में पन्नू पाकिस्तान के खानकोट गांव से अमृतसर आया था। उसने पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री ली है। पन्नू का भाई मगवंत सिंह विदेश में रहता है।
वह अमेरिका में अलगाववादी ग्रुप सिख फॉर जस्टिस का प्रमुख है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि पन्नू का संगठन सिख्स फॉर जस्टिस इंटरनेट के माध्यम से सिख युवाओं को कट्टरता की ओर धकेलने की कोशिश करता है। यह संगठन लोगों को उकसाता है कि वे स्वतंत्र खालिस्तान राष्ट्र के लिए संघर्ष करें।
इस संगठन को भी 2019 में ही भारत सरकार ने बैन कर दिया था। 7 जुलाई 2022 को गृह मंत्रालय ने पन्नू को भी आतंकी घोषित कर दिया था। एजेंसी के मुताबिक वह अपने ऑडियो संदेशों में बेहद आपत्तिजनक भाषा में बात करता है और देश की अखंडता को ही चुनौती देता है। इसके अलावा वह इंडिया गेट पर खालिस्तानी झंडा फहराने पर ढाई मिलियन डॉलर का इनाम तक घोषित कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications