खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की मौत की खबर गलत, कार एक्सीडेंट में मरने का दावा अफवाह
प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस के कुख्यात आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की मौत की खबर गलत निकली है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था, कि पन्नु की मौत अमेरिका में एक सड़क दुर्घटना में हुई है, जो गलत है।
आपको बता दें कि गुरपतवंत सिंह पन्नू, प्रतिबंधित सिख फॉर जस्टिस नाम के आतंकी संगठन का एडवाइजर और प्रवक्ता है। पन्नू आए दिन भारत के खिलाफ नफरती बयान देता रहा है।

कैलिफोर्निया में द खालसा टुडे एडिटर इन चीफ और सीईओ सुक्खी चहल ने ट्विटर पर लिखा है कि पन्नू की मौत नहीं हुई है। उसकी मौत बस एक अफवाह है। सुक्खी चहल अलगाववादियों के विरोधी के रूप में जाने जाते हैं।
हाल के समय में खालिस्तानी नेताओं की मौत के बाद से पन्नू अंडरग्राउंड है। पाकिस्तान में परमजीत सिंह पंजवड़ और कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या और UK में अवतार सिंह खांडा की मौत के बाद पन्नू को डर था कि उसकी भी हत्या हो सकती है।
हाल ही में पन्नू ने खालिस्तान समर्थकों की हत्या को लेकर कनाडा और अमेरिका में भारतीय दूतावास के अफसरों को जिम्मेदार ठहराते हुए वीडियो भी जारी किया था। यह उसका धमकी भरा आखिरी वीडियो था।
मूल रूप से अमृतसर के खानकोट गांव के रहने वाले पन्नू ने पंजाब विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक किया। बाद में वह विदेश चला गया और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के सहयोग से पंजाब में खालिस्तानी अलगाववादी मुहिम चलाने लगा।
गुरपतवंत के पिता महिंदर सिंह, पंजाब राज्य कृषि विपणन बोर्ड में कर्मचारी थे। पन्नू, तीन भाई-बहनों में से एक था। पन्नू अमेरिका और कनाडा में लंबे वक्त से रह रहा था।
पन्नू, अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के संस्थापकों में से एक है। यह संगठन 2007 में स्थापित किया गया था। भारत सरकार ने SFJ के अलगाववादी गतिविधियों में लिप्त होने के चलते उसे 2019 में प्रतिबंधित कर दिया था।
भारत में SFJ और पन्नू के खिलाफ लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं, जिनमें पंजाब में देशद्रोह के तीन मामलें भी शामिल हैं। पन्नू पर बगावत फैलाने सहित साम्प्रदायिक दंगे भड़काने की मंशा से उकसाने, राजद्रोह और पूजा स्थल पर अपराध करने जैसे संगीन आरोप हैं।
जुलाई 2020 में भारत सरकार ने पन्नू और उसके साथ हरदीप सिंह निज्जर को आतंकवादी घोषित किया था। गुरु नानक सिख गुरुद्वारा साहिब के प्रमुख और खालिस्तान टाइगर फोर्स के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून को कनाडा के सरे में गुरुद्वारा साहिब परिसर में दो अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications