Khaleda Zia Funeral: पति के पास सुपुर्द-ए-खाक होंगी खालिदा जिया, जानें कब? ऐतिहासिक है दफनाने वाली ये खास जगह
Khaleda Zia Death: बांग्लादेश पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष खालिदा जिया का 80 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन से बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़े अध्याय का अंत माना जा रहा है। खालिदा जिया को राजकीय सम्मान के साथ राजधानी ढाका के शेर-ए-बांग्ला नगर स्थित जिया उद्यान में दफनाया जाएगा, जहां उनके पति और बांग्लादेश के दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र पहले से मौजूद है।
राजकीय सम्मान के साथ होंगी सुपुर्द-ए-खाक
खालिदा जिया के अंतिम संस्कार को लेकर आधिकारिक जानकारी कानून सलाहकार आसिफ नज़रुली ने दी। उन्होंने मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री को पूरे राजकीय सम्मान के साथ बुधवार 31 दिसंबर 2025 को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। सरकार की ओर से यह फैसला लिया गया है कि अंतिम संस्कार की सभी औपचारिकताएं सरकारी प्रोटोकॉल के तहत पूरी की जाएंगी।

कब और कहां होगी नमाज़-ए-जनाज़ा
आसिफ नज़रुली ने जानकारी दी कि बेगम खालिदा जिया की नमाज़-ए-जनाज़ा बुधवार को ज़ुहर की नमाज़ के बाद अदा की जाएगी। यह जनाज़ा ढाका के प्रमुख इलाके मानिक मियां एवेन्यू में होगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
जिया उद्यान में अंतिम विश्राम
नमाज़-ए-जनाज़ा के बाद खालिदा जिया को संसद भवन क्षेत्र के पास स्थित जिया उद्यान ले जाया जाएगा। वहीं, उन्हें उनके पति शहीद राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बगल में राजकीय सम्मान के साथ दफनाया जाएगा। जिया उद्यान को बांग्लादेश के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ निधन
पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन मंगलवार, 30 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे हुआ। उस समय वह ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थीं। उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।
लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं
खालिदा जिया 23 नवंबर से एवरकेयर अस्पताल में भर्ती थीं। वह लंबे समय से मधुमेह, गुर्दे की बीमारी, हृदय और फेफड़ों से जुड़ी कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उनकी हालत समय-समय पर बिगड़ती और संभलती रही, लेकिन अंततः वह जीवन की जंग हार गईं।
जिया उद्यान: कई बड़े नेताओं का अंतिम ठिकाना
जिया उद्यान केवल खालिदा जिया का ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों का अंतिम विश्राम स्थल है। यहीं उनके पति राष्ट्रपति जियाउर रहमान की प्राथमिक कब्र भी मौजूद है, हालांकि इसकी प्रामाणिकता को लेकर कुछ लोगों द्वारा सवाल भी उठाए जाते रहे हैं।
बांग्लादेश के इतिहास से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां यहां दफन
जिया उद्यान में जिन प्रमुख नेताओं को दफनाया गया है, उनमें पूर्व राष्ट्रपति अब्दुर सत्तार, पूर्व प्रधानमंत्री शाह अज़ीज़ुर रहमान और अताउर रहमान खान शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री मशूर रहमान 'जादू मियां', मुस्लिम लीग के वरिष्ठ नेता खान ए. सबुर, प्रसिद्ध साहित्यकार-पत्रकार और राजनेता अबुल मंसूर अहमद, तथा पाकिस्तान नेशनल असेंबली के पूर्व स्पीकर तामिजुद्दीन खान भी यहीं सुपुर्द-ए-खाक हैं। ये सभी लोग बांग्लादेश की राजनीति और सामाजिक इतिहास में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications