कमला हैरिस ने राष्ट्रपति नामांकन के लिए जीते जरूरत से ज्यादा डेलिगेट्स, डेमोक्रेटिक पार्टी से उम्मीदवारी तय!
Kamala Harris News: अमेरिकी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है, कि अगले महीने डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन से पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का राष्ट्रपति जो बाइडेन की जगह डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन का रास्ता और काफी स्पष्ट हो गया है।
अमेरिकी मीडिया ने दावा किया है, कि कमला हैरिस ने ज्यादातर डेलिगेट्स का समर्थन हासिल कर लिया है। बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर होने के बाद कमला हैरिस का समर्थन कर दिया था, जिसके बाद कमला हैरिस के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के अंदर डेलिगेट्स का समर्थन हासिल करने की चुनौती थी।

डेलिगेट्स वो होते हैं, जो अलग अलग राज्यों में पार्टी के प्रतिनिधि होते हैं और अलग अलग राज्यों में इनकी संख्या अलग अलग होती है। डेमोक्रेटिक पार्टी में किसी उम्मीदवार को नामांकन हासिल करने के लिए 1976 डेलिगेट्स के समर्थन की जरूरत होती है।
एसोसिएट्स प्रेस ने डेमोक्रेटिक पार्टी के डेलिगेट्स के बीच सर्वे किया है, जिसमें उसने कहा है, कि कमला हैरिस के 2538 डेलिगेट्स का समर्थन हासिल है, जो आवश्यक 1976 से काफी ज्यादा है।
डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी के अध्यक्ष जैमे हैरिसन ने सोमवार को कहा, कि पार्टी 7 अगस्त तक राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर देगी। प्रतिनिधि तब तक अपना मन बदल सकते हैं, लेकिन एपी सर्वेक्षण में किसी और उम्मीदवार को जरूरी डेलिगेट्स का समर्थन हासिल होता नहीं दिखा है, और 57 डेलिगेट्स ने कहा है, कि उन्होंने फिलहाल तय नहीं किया है, कि वो किसे समर्थन देंगे।
इस सर्वे का मतलब यह है, कि कमला हैरिस के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से मुकाबला करने की ज्यादा संभावना बन गई है, जिन्होंने पिछले डेढ़ साल में बाइडेन पर आक्रामक हमला किया है और उनकी नीतियों और गलतियों का मजाक उड़ाया है।
वहीं, कमला हैरिस की संभावित उम्मीदवारी को लेकर डोनाल्ड ट्रंप की कैम्पेन टीम ने कहा है, कि ये 'एक ही बार में मिलने वाला सुनहरा मौका है', जिसमें डोनाल्ड ट्रंप डेमोक्रेटिक पार्टी के एक नहीं, बल्कि एक ही साल में दो दो राष्ट्रपति उम्मीदवार को हराएंगे।
कमला हैरिस ने रिकॉर्ड चंदा जमा किया
कमला हैरिस ने राष्ट्रपति बाइडेन के चुनावी रेस से बाहर होने के बाद रिकॉर्ड संख्या में चंदा जमा किया है और कमला हैरिस के चुनाव अभियान टीम ने बाइडेन के रेस से हटने के बाद 24 घंटे में 81 मिलियन डॉलर का चंदा जमा करने का दावा किया है। कमला हैरिस की टीम ने दावा किया है, कि डोनाल्ड ट्रंप को हराने के लिए कमला हैरिस को भारी समर्थन मिल रहा है और पार्टी के नेता उनका भरपूर समर्थन कर रहे हैं।
डेमोक्रेटिक राजनीति में सबसे बड़े सुपर पीएसी फ्यूचर फॉरवर्ड ने ये बताया है, कि चंदा देने वाले वो डोनर्स, जिन्होंने डेमोक्रेटिक चुनावी अभियान को लेकर पहले चंदा देने का वादा तो कर रखा था, लेकिन चंदा रोक रखा था, या जिनका चंदा देना अनिश्चित था, उन्होंने बाइडेन के कैम्पेन से हटने के बाद रिकॉर्ड संख्या में चंदा जारी कर दिया है और 150 मिलियन डॉलर का चंदा जुटाया गया है।
ऐसा माना जा रहा है, कि वो डोनर्स, जिन्होंने 27 जून को डोनाल्ड ट्रंप के मुकाबले CNN बहस में जो बाइडेन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फंड रोक दिया था, उन्होंने अब फंड जारी कर दिया है।
कमला हैरिस की कैम्पेन टीम ने कहा है, कि पिछले 24 घंटों में 8,88,000 से ज्यादा ग्राउंड डोनर्स ने दान दिया है, जिनमें से 60 प्रतिशत ने 2024 के रेस में पहली बार अपना पहला योगदान दिया है। कमला हैरिस की टीम के एक सदस्य मुनोज़ ने कहा, कि "कमला हैरिस के पीछे एक बड़ा जनसमर्थन है और डोनाल्ड ट्रंप डरे हुए हैं क्योंकि उन्हें पता है कि उनका विभाजनकारी और अलोकप्रिय एजेंडा अमेरिकी लोगों के लिए उपराष्ट्रपति के रिकॉर्ड और विज़न के सामने टिक नहीं सकता।"
वहीं, अपने पहले भाषण में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने ट्रंप पर तीखा हमला करते हुए कहा है, कि वह मध्यम वर्ग को कमजोर करके और टैक्ल नीतियों को नाकाम करके "देश को पीछे ले जाना" चाहते हैं।
उन्होंने एक प्रॉसीक्यूटर के रूप में अपनी भूमिका को भी याद करते हुए कहा, कि "उन भूमिकाओं में, मैंने सभी प्रकार के अपराधियों का सामना किया - महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले शिकारी, उपभोक्ताओं को लूटने वाले धोखेबाज, अपने फ़ायदे के लिए नियम तोड़ने वाले धोखेबाज। इसलिए, जब मैं कहती हूं, कि मैं डोनाल्ड ट्रंप के प्रकार को जानती हूँ, तो मेरी बात गंभीरता से सुनिए।"












Click it and Unblock the Notifications