भारत की तरह US इलेक्शन में भी उठा 'लोकतंत्र खतरे में है' का मुद्दा, पहले इंटरव्यू में क्या बोलीं कमला हैरिस?
Kamala Harris Interview: डेमोक्रेटिक पार्टी की नई राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा है, कि वह अपने पदभार ग्रहण करने के पहले दिन से ही अपनी "अवसर अर्थव्यवस्था" योजनाओं को लागू करना शुरू कर देंगी। कमला हैरिस की यह घोषणा CNN पर बहुप्रतीक्षित हैरिस-वाल्ज़ इंटरव्यू में आई है।
इस इंटरव्यू में कमला हैरिस के उप-राष्ट्रपति उम्मीदवार टिम वाल्ज भी शामिल थे।

वहीं, जॉर्जिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कमला हैरिस ने 'लोकतंत्र खतरे में है' का मुद्दा उछाला है, जो बहुत हद तक वैसा ही है, जैसा इस साल भारत में हुए लोकसभा चुनाव में हुआ था।
भारत में इस साल आयोजित लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने मोदी सरकार के खिलाफ 'लोकतंत्र खतरे में है' का अभियान चलाया था, और ऐसा माना जाता है, कि इस अभियान ने बीजेपी को लगातार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के कैम्पेन को बहुत हद तक नुकसान पहुंचाया।
जॉर्जिया रैली में कमला हैरिस ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, कि "इस बार का इलेक्शन 2016 और 2020 के चुनाव जैसा नहीं है। इस बार का चुनाव इन दोनों चुनावों से काफी अलग है, क्योंकि इस बार अगर डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बनते हैं, तो वो एक तानाशाह नेता बनेंगे, जो देश के संविधान को खत्म कर देगा।" कमला हैरिस ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति पर निशाना साधते हुए कहा, कि 'डोनाल्ड ट्रंप देश की सबसे बड़ी संस्था जस्टिस डिपार्टमेंट की स्वतंत्रता को खत्म करना चाहते हैं।'
कमला हैरिस का पहला इंटरव्यू
कमला हैरिस ने 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी का टिकट हासिल करने के बाद CNN को दिए गये अपने पहले इंटरव्यू में कहा, कि "अमेरिकी एक नई दिशा के लिए तैयार हैं और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आगे निकलने के लिए तैयार हैं।"
इसके अलावा, कमला हैरिस ने मौजूदा बाइडेन प्रशासन की नीतिगत बदलावों का बचाव किया। हालांकि, उन्होंने इस बात को स्वीकार किया, कि बाइडेन प्रशासन के दौरान खाने पीने की चीजों की कीमतों में इजाफा हुआ है, लेकिन उन्होंने इसे देश की अर्थव्यवस्था में आई विकास की वजह से बताया।
कमला हैरिस का आर्थिक नीतियों पर ध्यान
कमला हैरिस ने इंटरव्यू में खाद्य और किराने के सामान की कीमतों में इजाफे पर संघीय प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा और पहली बार घर खरीदने वालों को 25,000 डॉलर तक की डाउन पेमेंट मदद देने की योजना भी पेश की। इन उपायों का मकसद आर्थिक चुनौतियों का समाधान करना और अमेरिकी परिवारों की सहायता करना है।
ज्वाइंट इंटरव्यू के दौरान, मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने 'अवसर अर्थव्यवस्था' को लागू करने के लिए कमला हैरिस के एजेंडे के बारे में उत्साह जताया। वाल्ज ने अपने सैन्य सेवा रिकॉर्ड के बारे में भी बात की, उन्होंने कहा, कि उन्हें आर्मी नेशनल गार्ड में अपने 24 वर्ष काम करने का गर्व है और उन्होंने अपने और अपने परिवार के खिलाफ़ हमलों को निराधार बताया।
ट्रंप के नस्लीय टिप्पणियों पर क्या बोलीं कमला?
जब कमला हैरिस से उनके खिलाफ होने वाले नस्लीय पहचान पर ट्रंप के हालिया हमलों के बारे में पूछा गया, तो हैरिस ने इसे "वही पुरानी घिसी-पिटी रणनीति" का हिस्सा बताकर खारिज कर दिया। उन्होंने अपने मंत्रिमंडल में संभवतः एक रिपब्लिकन को नियुक्त करने का संकेत दिया है और फैसला लेने की प्रक्रियाओं में अलग अलग विचारों और अनुभवों के महत्व पर जोर दिया।
कमला हैरिस ने राष्ट्रपति बाइडेन से फोन पर हुई बातचीत के बारे में भी बताया, जिसमें उन्हें बताया गया था कि बाइडेन राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने के अपने फैसले पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, कि उन्हें इस बात का कोई अफसोस नहीं है कि उन्होंने पहले कहा था, कि बाइडेन चार साल और पद पर रह सकते हैं और उनके साथ काम करना उनके करियर का सबसे बड़ा सम्मान है।
संयुक्त राज्य अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनने की संभावना के महत्व पर बात करते हुए, कमला हैरिस ने अपनी पोती की एक तस्वीर को याद किया, जिसमें वह डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन स्वीकार करते हुए उन्हें देख रही हैं। उन्होंने इसे विनम्र बताया और इस बात पर जोर दिया, कि वह इसलिए चुनाव लड़ रही हैं क्योंकि उनका मानना है कि वह नस्ल या लिंग की परवाह किए बिना सभी अमेरिकियों के लिए सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार हैं।
हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने इस इंटरव्यू को खारिज कर दिया है और इसे बोरिंग बताया है। इसके अलावा, डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी पूछा, कि आखिर ये इंटरव्यू लाइव क्यों नहीं था? उन्होंने कहा, कि "इसे इंटरव्यू को एडिट किया गया है, कई जगहों पर काटा गया है और ऐसा इसलिए,क्योंकि कमला हैरिस को लाइव इंटरव्यू देने की हिम्मत नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications