जॉर्डन: इसराइली दूतावास पर हमला, एक की मौत
रविवार को जॉर्डन की राजधानी अम्मान में इसराइली दूतावास पर हमले की ख़बर है.
स्थानीय सुरक्षा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि हमले में जॉर्डन का एक नागरिक मारा गया है जबकि एक इसराइली नागरिक गंभीर रूप से घायल हुआ है.
पूर्वी यरुशलम में पवित्र स्थल के पास तनाव बढ़ा
अम्मान के पॉश इलाके में स्थित इस दूतावास को पुलिस ने सील कर दिया है. इसराइली प्रशान की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है और कुछ समय के लिए घटना की रिपोर्टिंग पर रोक लगाई गई है.
हालांकि अभी तक ये साफ़ नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे कौन है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि इस हमले का संबंध हाल ही में यरूशलम ओल्ड सिटी में इसराइल की ओर से लागू किए गए सुरक्षा के नियमों से हो सकता है.
गौरतलब है कि अल अक्सा मस्जिद परिसर में नए सुरक्षा नियम लागू किए जाने के विरोध में शुक्रवार को अम्मान की सड़कों पर हज़ारों लोगों ने प्रदर्शन किया.
यरुशलम के पवित्र स्थल के पास दो इसराइली सुरक्षा जवानों की हत्या के बाद इसराइल ने यहां मेटल डिटेक्टर लगाने और नियमों में कुछ बदलाव लाने का निर्णय लिया था, जिसके बाद फ़लस्तीनियों और इसराइली सुरक्षा बलों के बीच कई झड़पें हुई हैं.
फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने इसराइल से सारे आधिकारिक संबंध तोड़ लेने की पिछले दिनों घोषणा की थी.
इस बीच इसराइल ने पवित्र धर्म स्थल के पास सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं.












Click it and Unblock the Notifications