बार-बार पिता का नाम खराब कर रहे हंटर बाइडेन, राष्ट्रपति के बेटे पर अब 9 मामलों में लगा अभियोग
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन अगले साल होने वाले चुनाव से पहले एक बार फिर से मुश्किलों में घिर गए हैं। उनके बेटे हंटर बाइडेन पर कैलिफोर्निया में टैक्स से जुड़े 9 आरोपों में अभियोग लगाया गया है। यह राष्ट्रपति के बेटे के खिलाफ दूसरा आपराधिक मामला है।
संघीय अभियोजकों ने हंटर बाइडेन पर कर भुगतान में 1.4 मिलियन डॉलर की चोरी का आरोप लगाया है। मौजूदा आरोप 2016 से 2019 के बीच के हैं। 53 वर्षीय हंटर बाइडेन को सितंबर में नशीली दवाओं के सेवन के दौरान बंदूक रखने और अपनी लत का खुलासा नहीं करने के लिए दोषी ठहराया गया था।

अमेरिकी कानून के मुताबिक मादक पदार्थ का सेवन करने वाला व्यक्ति अपने पास बंदूक या कोई अन्य हथियार नहीं रख सकता है। लेकिन हंटर ने बंदूक की खरीदारी कर अमेरिकी कानून तोड़ा। राष्ट्रपति बाइडेन के बेटे पर डेलावेयर में 2018 में बंदूक की अवैध खरीदारी के अलावा 6 दुराचार और 3 गुंडागर्दी से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं।
2024 के राष्ट्रपति चुनाव के बीच यह जांच काफी अहम हो गई है। दोषी पाए जाने पर 53 वर्षीय हंटर को अधिकतम 17 वर्ष की जेल हो सकती है। हंटर बाइडेन के वकील ने इन आरोपों पर गुरुवार रात कहा कि ये राजनीति से प्रेरित हैं।
56 पेज के अभियोग में कहा गया है कि बाइडेन ने 1.8 मिलियन डॉलर से अधिक खर्च किया, जिसमें लगभग 772,000 डॉलर नकद निकासी, लगभग 383,000 डॉलर महिलाओं को भुगतान, लगभग 151,000 डॉलर कपड़े और सहायक उपकरण सहित अन्य खर्चों के बीच शामिल थे।
हालांकि इस अभियोग में राष्ट्रपति जो बाइडेन का उल्लेख नहीं है और व्हाइट हाउस ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। लेकिन संसद में रिपब्लिकन सांसद राष्ट्रपति के खिलाफ जांच व महाभियोग चलाने की मांग कर रहे हैं। उनका दावा है कि बाइडन ने अपने बेटे के साथ मिलकर एक बड़ी योजना के धन में हेराफेरी की है।
ऐसा कहा जा रहा है कि हंटर बाइडेन के खिलाफ जांच को मंजूरी देने के लिए अगले सप्ताह सदन में मतदान हो सकता है। हालांकि अब तक इस बारे में कोई सबूत नहीं मिल पाए हैं कि जो बाइडेन ने राष्ट्रपति के तौर पर अपने कार्यकाल में या उप राष्ट्रपति के तौर पर पिछले कार्यकाल में अपने पद का दुरुपयोग किया था।












Click it and Unblock the Notifications