इजराइल पर हमास हमले की असल वजह जो बाइडेन ने बताई, कहा- मेरे पास प्रूफ नहीं मगर मेरा दिल कहता है
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इजराल में हमास के बर्बर हमले को लेकर बड़ा दावा किया है। जो बाइडेन ने कहा कि हाल ही में नई दिल्ली में G-20 समिट के दौरान इंडियन मिडिल ईस्ट यूरोप कॉरिडोर का ऐलान हुआ था। मुझे यकीन है कि यह ऐलान हमास द्वारा इजराइल पर आतंकी हमले का एक कारण हो सकता है।
वाशिंगटन में दौरे पर आए ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने ये बात कही। उन्होंने कहा ये सिर्फ मेरा अनुमान है, इसे साबित करने के लिए मेरे पास कोई प्रूफ नहीं है। लेकिन मेरी अंतरात्मा मुझे बताती है कि ये एक बड़ा कारण हो सकता है।

ये दूसरी बार है जब बाइडेन ने हमास के हमले को इंडिया-मिडिल ईस्ट- यूरोप के इकोनॉमिक कॉरिडोर को जोड़ा है। इंडियन-मिडिल-ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर का लक्ष्य पूरे क्षेत्र को एक व्यापक रेलमार्ग नेटवर्क के माध्यम से जोड़ना है।
सितंबर में भारत में जी20 समिट का आयोजन हुआ था। समिट के दौरान अमेरिका, भारत, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, इटली और यूरोपीय संघ के नेताओं ने इसकी घोषणा की थी। इस कॉरिडोर में एक ईस्ट कॉरिडोर शामिल है जो भारत को खाड़ी क्षेत्र से जोड़ता है और एक नॉर्थ कॉरिडोर है जो खाड़ी क्षेत्र को यूरोप से जोड़ता है।
इजराइल ने इस कॉरिडोर को एशिया के लिए काफी अहम बताया था, हालांकि वो इसमें एक्टिव मेंबर के तौर पर शामिल नहीं है। इस प्रोजेक्ट की घोषणा के दौरान ये माना जा रहा था कि इससे मिडिल-ईस्ट में सऊदी और इजराइल के बीच संबंध बेहतर होंगे।
भारत, यूरोपियन यूनियन, अमेरिका और सऊदी अरब मिलकर इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर यानी IMEC पर काम कर रहे हैं। इस कई लोग चीन की बेल्ट एंड रोड पहल के विकल्प के रूप में देखते हैं।
9 सितंबर को इस प्रोजेक्ट के एमओयू पर दस्तखत हुए थे। दस्तखत करने वाले देशों में भारत के अलावा अमेरिका, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, यूरोपियन यूनियन, इटली, फ्रांस और जर्मनी हैं।
इस कॉरिडोर की प्रस्तावित लंबार 6 हजार किमी है। इसमें 3500 किमी समुद्र मार्ग शामिल है। कॉरिडोर के बनने के बाद भारत से यूरोप तक सामान पहुंचाने में करीब 40 फीसदी समय की बचत होगी। इस कॉरिडोर में रेलवे लाइन के साथ-साथ इलेक्ट्रिसिटी केबल, हाइड्रोजन पाइपलाइन और एक हाई-स्पीड डेटा केबल भी होगी।












Click it and Unblock the Notifications