जापान: टोक्यो में आपातकाल की घोषणा, दर्शकों के बिना होगा ओलंपिक खेलों का आयोजन
टोक्यो, 08 जुलाई। जापान में होने जा रहे 'ओलंपिक 2021' गेम्स से ठीक पहले राजधानी में टोक्यो में आपातकाल की घोषणा की गई है। जापान सरकार ने यह फैसला ओलिंपिक के दौरान कोरोना संक्रमण दर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर लिया है। ओलंपिक गेम्स समाप्त होने तक टोक्यो में इमरजेंसी लागू रहेगी। इसका मतलब यह हुआ कि अब स्टेडियम में दर्शकों के बिना ही ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। मिल रही जानकारी के मुताबिक जापान की योशिहिदे सुगा सरकार ने गुरुवार की सुबह हुई बैठक में अगले सोमवार (12 जुलाई) से 22 अगस्त, 2021 तक टोक्यो में आपातकाल लागू करने का फैसला किया है।

कोरोना वायरस के बढ़ते हुए कहर को देखते हुए जापान के पीएम योशिहिदे सुगा ने खेलों के समापन तक राजधानी टोक्यों में आपातकाल लगाने की घोषणा की है। बुधवार शाम से ही इमरजेंसी लगाए जाने की आशंका जताई जाने लगी थी, इसके एक दिन बाद गुरुवार को पीएम योशिहिदे सुगा ने टोक्यो में 12 जुलाई से 22 अगस्त तक आपातकाल का ऐलान कर दिया। गुरुवार सुबह हुई बैठक में सरकारी अधिकारियों ने टोक्यो में इमरजेंसी लागू करने का प्रस्ताव रखा था। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पहले से ही टल चुके ओलंपिक खेलों का आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच होना है।
ओलंपिक खेलों के दौरान मैदान में विदेशी दर्शकों की एंट्री पर पहले ही रोक लगा दी गई थी लेकिन आपातकाल की घोषणा के बाद अब जापानी लोगों का भी स्टेडियम में पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। इस फैसले के पीछे कोरोना वायरस का प्रकोप है जो टोक्यो में फिर से अपना पैर पसार रहा है। राजधानी से कोविड को रिकॉर्ड तोड़ मामले सामने आ रहे हैं, गुरुवार को यहां 896 नए मरीज मिले, जबकि बुधवार को 920 कोरोना संक्रमित दर्ज किए गए थे। 13 मई के बाद एक दिन में आए सबसे ज्यादा मामले हैं।












Click it and Unblock the Notifications