Japan Earthquake: जापान में भूकंप के बाद 800 फीट पीछे खिसक गया समंदर, आखिर सारा पानी कहां गया?
जापान में नए साल पर नोटे द्वीप में आए भूकंप ने तबाही मचा दी थी। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.6 थी। इस घटना में देश में कम से कम 213 लोगों की मौत हो गई। इस भूकंप के बाद आई सुनामी से नोटो प्रायद्वीप में भौगोलिक बदलाव देखने को मिल रहा है।
सैटेलाइट तस्वीरों से पता लगा है कि इस भूकंप के बाद जापान में समुद्र तट 800 फीट से अधिक खिसक गए हैं। भूकंप के बाद नोटो प्रायद्वीप के समुद्र तटों में साफ अंतर दिखाई दे रहा है।

ऐसा दावा किया जा रहा है कि भूकंप की वजह से कुछ द्वीप समंदर में थोड़ा ऊपर उठ गए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि भूकंप के बाद द्वीप करीब 820 फीट पीछे, जो कि दो अमेरिकी फुटबाल मैदान की लंबाई के बराबर होता है, खिसक गया है।
नाहेल बेलघेर्ज़ जो कि दुनिया भर में मौसम की घटनाओं को कवर करते हैं। उन्होंने एक्स पर इससे जुड़ी तस्वीरें साझा की हैं। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि पहले और अब की स्थिति कितनी बदल चुकी है।
बेलघेर्ज ने ये तस्वीर 4 जनवरी को पोस्ट की थी। उन्होंने कहा कि सोमवार को जापान के नोटो प्रायद्वीप में आया भूकंप इतना तेज था कि जमीन के काफ़ी ऊपर उठने के कारण समुद्र तट तट से 250 मीटर ऊपर चला गया है।
तस्वीरें स्पष्ट रूप से उन क्षेत्रों को दिखाती हैं जहां जमीनी स्तर बढ़ गया है, जिससे वह भूमि उजागर हो रही है जो पहले पानी के नीचे थी। कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा कहा गया है कि भूकंप की वजह से कई तट सूख से गए हैं। अब तटों पर नावों का पहुंचना मुश्कल हो गया है।
टोक्यो यूनिवर्सिटी के भूकंप शोध संस्थान के शोधकर्ताओं ने कहा है कि भूकंप के बाद नोटो प्रायद्वीप में काइसो से आकासाकी तक दस जगहों पर तटीय जमीन ऊपर उठ गई है। इस प्रक्रिया को कोसीस्मिक कोस्टल अपलिफ्ट कहते हैं।
जापानी स्पेस एजेंसी JAXA के ALOS-2 सैटेलाइट ने भी कोस्टल अपलिफ्ट को दर्ज किया है। आपको बता दें कि जापान में हर साल सैकड़ों भूकंप आते हैं, हालांकि चार दशकों से अधिक समय से सख्त बिल्डिंग कोड के कारण अधिकांश भूकंपों से कोई नुकसान नहीं होता है।












Click it and Unblock the Notifications