Jaffar Express Hijack: अब तक 155 पाकिस्तानी बंधकों को बचाया, 27 आतंकी ढेर, जानें क्या बोले जिंदा लौटे यात्री?
Pakistan Jaffar Express Hijack: पाकिस्तान में बलूच अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक बड़ा आतंकी हमला किया। आतंकियों ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस (Jaffar Express) को हाईजैक कर लिया और यात्रियों को बंधक बना लिया। इस हमले के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 155 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया और 27 आतंकियों को मार गिराया।
यह हमला पाकिस्तान के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत के कच्छी (बोलन) जिले में पिरोकनारी इलाके में हुआ। आतंकियों ने सबसे पहले ट्रेन ट्रैक पर धमाका किया और फिर ट्रेन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान ट्रेन में मौजूद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई।

इसके बाद आतंकियों ने ट्रेन को एक सुरंग के अंदर रोक लिया और यात्रियों को बंधक बना लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, आतंकियों ने बंधकों के बीच आत्मघाती हमलावरों को भी तैनात कर दिया था, जिनके शरीर पर विस्फोटक जैकेट बंधी हुई थी।
सुरक्षा बलों का ऑपरेशन
सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू किया और 155 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए लोगों को एक मालगाड़ी के जरिए माच रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया, जबकि कुछ को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
इस हमले में ट्रेन चालक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सिबी और क्वेटा के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया है और क्वेटा रेलवे स्टेशन पर इमरजेंसी हेल्प डेस्क भी बनाया गया है।
आतंकियों से मुकाबला जारी
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, आतंकियों के पास सैटेलाइट फोन हैं और वे विदेश में बैठे अपने आकाओं से लगातार संपर्क में हैं। फिलहाल, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और ऑपरेशन जारी है।
यात्रियों की आपबीती
बचाए गए एक यात्री ने कहा कि हम लगातार गोलियों की आवाज सुन रहे थे, लेकिन सेना और सुरक्षा बलों की बदौलत हम सुरक्षित बाहर निकल सके। उधर, पाक सरकार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और भ्रामक प्रचार से बचें। कुछ सोशल मीडिया अकाउंट फर्जी वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रहे हैं, जिससे लोगों में डर फैलाने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications