Italy Mafia: 30 साल से फरार इटली का नंबर-1 माफिया गिरफ्तार, PM मेलोनी ने कहा- ये सबसे बड़ी जीत
जॉर्जिया मेलोनी ने ट्वीट कर कहा कि डेनोरो का पकड़ा जाना इटली की सबसे बड़ी जीत है। इससे यह साबित होता है कि इटली किसी भी माफिया से हार नहीं मानेगा और हर कानून तोड़ने वाले व्यक्ति को अदालत के सामने पेश करेगा।

Image: PTI
इतालवी एंटी-माफिया पुलिस ने सिसिली के गॉडफादर माटेओ मेस्सिना डेनारो को गिरफ्तार कर लिया है। 30 साल से फरार चल रहे मोस्ट वांटेड भगोड़े डेनारो को पुलिस ने सोमवार को एक निजी क्लीनिक से पकड़ा। इस माफिया के अपराधों की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि खुद पीएम ने उसे पकड़े जाने को एक बड़ी घटना करार दिया और इसे सबसे बड़ी जीत बताया। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने इसके लिए ट्वीट कर सेना और सरकार को बधाई दी है।
इटली की सबसे बड़ी जीत: मेलोनी
जॉर्जिया मेलोनी ने ट्वीट कर कहा कि डेनोरो का पकड़ा जाना इटली की सबसे बड़ी जीत है। इससे यह साबित होता है कि इटली किसी भी माफिया से हार नहीं मानेगा और हर कानून तोड़ने वाले व्यक्ति को अदालत के सामने पेश करेगा। उन्होंने आगे लिखा कि डेनोरो को पकड़ने के लिए वह इटली की सरकार, देश के पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को विशेष रूप से धन्यवाद प्रेषित करती हैं। उन्होंने लिखा कि माफियाओं, उनके अपराधों को रोकने के लिए उनकी सरकार की लड़ाई चलती रहेगी। इटली में माफियाओं के विरुद्ध वह और उनकी सरकार लगातार कार्रवाई करते रहेंगे।
प्राइवेट क्लीनिक में करा था इलाज
पुलिस बल के विशेष अभियान दस्ते के प्रमुख काराबेनियरी जनरल पास्केल एंजेलोसैंटो ने कहा कि 60 वर्षीय डेनारो को तब पकड़ा गया जब वह एक प्राइवेट क्लीनिक में अपना इलाज करा रहा था। इतालवी राज्य टेलीविजन ने बताया कि गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस द्वारा उसे एक गुप्त स्थान पर ले जाया गया। डेनारी रोम और मिलान में हुए बम हमले करने का दोषी है। मेसिना डेनारो चोरी छिपे पश्चिमी सिसिली शहर ट्रैपानी के आसपास के क्षेत्र में माफिया गातिविधियों को चला रहा था।
30 साल तक पुलिस की गिरफ्त से रहा दूर
30 सालों तक पुलिस की पकड़ में न आने वाला मेसिना डेनारो इटली के उन तीन भगोड़ों की शीर्ष सूची में आखिरी अपराधी था जो अभी तक कानून के शिकंजे में नहीं फंसा था। वह इटली का मोस्ट वांटेड नंबर-1 था। डेनारो पर उसकी गैर मौजूदगी में मुकदमा चलाया गया तथा दर्जनों हत्याओं का दोषी करार देते हुए कई मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। डेनारो कितना शातिर था इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि किसी को पता तक नहीं था कि वह कैसा दिखता है। पुलिस के पास भी उसकी 30 साल पुरानी एकमात्र तस्वीर थी।












Click it and Unblock the Notifications