दुनिया की नहीं सुनेगा इजराइल, गाजा पट्टी में करता रहेगा हमले... युद्धविराम की अपील को ठुकराया, समझें क्यों?
Israel-Hamas War: इजरायली नेताओं ने बुधवार को कहा है, कि सहयोगी संयुक्त राज्य अमेरिका सहित बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद, वे हमास के खिलाफ गाजा पट्टी युद्ध को आगे बढ़ाने का इरादा रखते हैं। 7 अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल में हमास के अभूतपूर्व हमले के बाद अब ये युद्ध तीसरे महीने में दाखिल हो गया है और इजराइल ने दो टूक शब्दों में कहा है, कि उसका युद्धविराम का कोई इरादा नहीं है।
दूसरी तरफ, हमास के आतंकियों को सुरंग से बाहर निकालने के लिए इजराइल ने समुद्री पानी को छोड़ना शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी सीमित मात्रा में पानी छोड़ा गया है और हमास के लोगों को खुद ही सुरंगों से बाहर निकलने के लिए कहा गया है, लेकिन, माना जा रहा है, कि अगर हमास के आतंकी बाहर नहीं निकले, तो इजराइल सुरंगों में पूरी रफ्तार के साथ पानी भरना शुरू कर देगा।

दूसरी तरफ, हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इजराइली हमले ने गाजा पट्टी को बर्बाद कर दिया है, और अभी तक 18,600 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं, और गाजा पट्टी के अस्पताल और स्कूल बर्बाद हो चुके हैं।
गाजा पर हमला जारी रखेगा इजराइल
समाचार एजेंसी एएफपी के संवाददाताओं ने कहा, कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा युद्धविराम के लिए एक गैर-बाध्यकारी प्रस्ताव का भारी समर्थन किए जाने के एक दिन बाद, गाजा पर और तेज हमले किए गये हैं, खासकर सबसे बड़े शहरी केंद्र गाजा शहर और दक्षिण में खान यूनिस और राफा में।
सर्दियों की बारिश ने उस क्षेत्र को तबाह कर दिया है और संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है, कि गाजा की 21 लाख की आबादी में से 19 लाख लोग विस्थापित हो गए हैं, जो भोजन, पीने के पानी, दवाओं और ईंधन की आपूर्ति कम होने के कारण अस्थायी तंबू में रह रहे हैं।
वहीं, संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है, कि लगातार हो रहे हमले और मानवीय मदद नहीं पहुंचने की वजह से गाजा पट्टी में मेनिनजाइटिस, पीलिया और सांस संक्रमण सहित बीमारियों का प्रसार तेज हो गया है।
एक शरणार्थी अमीन एडवान ने कहा, कि उनका परिवार मध्य गाजा में अल-अक्सा शहीद अस्पताल के मैदान में हजारों लोगों के साथ डेरा डाले हुए है। उन्होंने कहा, कि "बारिश का पानी अंदर घुस गया। हम सो नहीं सके। हमने नायलॉन कवर ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई नहीं मिला, इसलिए हमने पानी को बाहर रखने के लिए पत्थरों और रेत का सहारा लिया।"
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है, कि 107 मानवीय सहायता ट्रक मिस्र से गाजा में दाखिल हुए, जो 7 अक्टूबर से पहले के दैनिक औसत 500 से काफी कम है।
हालांकि, बर्बाद होने के बाद भी हमास अभी भी इजराइल पर हमला करने में लगा हुआ है और फिलीस्तीनी आतंकियों ने एक बार फिर से इजराइल के ऊपर राकेट दागे, लेकिन उन्हें इजराइली एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही ध्वस्त कर दिया। हालांकि, हमास की तरफ से रॉकेट दागे जाने के बाद काफी देर तक दक्षिणी इजराइल और अलग अलग हिस्सों में अलर्ट सायरन बजते रहे।
इजराइली सेना ने कहा,कि हवाई हमले में गाजा शहर के शेजैया जिले में एक आतंकवादी सेल पर हमला किया गया, जो "इजरायल की ओर रॉकेट लॉन्च करने के रास्ते में था"।
इजराइल ने कहा है, कि जब तक हमास को पूरी तरह से नेस्तनाबूत नहीं कर दिया जाता, तब तक इजराइल, गाजा पट्टी पर हमले करते रहेगा। हालांकि, अमेरिका की तरफ से भी अब इजराइल के ऊपर युद्धविराम का दबाव बनने लगा है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है, कि अगर इजराइल गाजा पट्टी पर हमले जारी रखता है, तो फिर वो अंतर्राष्ट्रीय समर्थन खो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications