इजरायल में भारी प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नेतन्याहू अस्पताल में भर्ती, लगाया गया पेसमेकर
इजरायइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का रविवार को सफल पेसमेकर प्रतिरोपण ऑपरेशन हुआ। उन्हें असंतुलित धड़कनों की वजह से पेसमेकर लगाया गया है। पेसमेकर हृदयगति को नियमित रखने में मदद करता है।
पिछले सप्ताह पीएम नेतन्याहू भीषण गर्मी में कई घंटे तक धूप में रहने के कारण चक्कर आने की वजह से गिर गए थे जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उनकी हृदयगति पर एक उपकरण की मदद से नजर रखी गई।

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक पीएम नेतन्याहू को तेल अवीव के रामत गान में शीबा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। यहां उन्हें सिडेशन (बेहोशी की हालत) में रखा गया था। इस प्रक्रिया के दौरान, न्याय मंत्री और उप प्रधान मंत्री यारिव लेविन ने उनकी जगह ली थी।
इससे पहले, नेतन्याहू ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि वह 'बहुत अच्छा' महसूस कर रहे हैं और वह अपने डॉक्टरों की सलाह का पालन कर रहे हैं।
पीएम नेतन्याहू के अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बीच देश में नेतन्याहू के ज्यूडिशियल रिफॉर्म बिल के विरोध में जोरदार प्रदर्शन हो रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को हजारों लोगों ने विवादास्पद न्यायिक सुधार विधेयक के खिलाफ मार्च निकाला।
कुछ प्रदर्शनकारियों ने न्यायिक बदलाव के खिलाफ प्रदर्शन के तहत तेल अवीव के अयालोन राजमार्ग पर यातायात को बाधित कर दिया। पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था में खलल डालने के संदेह में चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू की सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण विधेयक को प्रारंभिक मंजूरी देने के कुछ दिनों बाद शनिवार को प्रदर्शन हुए। इस प्रदर्शन में केवल आम लोग ही नहीं बल्कि बड़े पदों पर बैठे पुलिस अधिकारी और बिजनेसमैन भी सरकार के फैसले का विरोध कर रहे हैं।
हाइफा में हुए विरोध प्रदर्शन में इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री यायर लापिड भी शामिल रहे। लैपिड ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि हम अपने देश को बचाएंगे क्योंकि हम एक अलोकतांत्रिक देश में नहीं रहना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications