Israel-Palestine Crisis: अमेरिका भेज रहा फोर्ड कैरियर स्ट्राइक ग्रुप, इजरायल का देगा साथ
इजरायल और फिलिस्तीन के बीच जंग जारी है। इस बीच अमेरिका भी खुलकर इजरायल के समर्थन में आ गया है। साथ ही अपने फोर्ड कैरियर स्ट्राइक ग्रुप को पूर्वी भूमध्य सागर में जाने का आदेश दिया है, ताकि हमास के हमले के बाद इजरायल की सहायता की जा सके। इस युद्ध में अब तक 1000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जिसमें कई अमेरिकी भी शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विमानवाहक पोत यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड को अमेरिका भेज रहा, जो उसका सबसे नया और उन्नत पोत है। उस पर करीब 5000 नौसैनिक हैं, साथ ही ये युद्धपोत कई हाईटेक मिसाइलों से लैस है। ये दुश्मन के हर हमले का जवाब देने में सक्षम है। ये हमास तक अतिरिक्त हथियारों को पहुंचने से रोकेगा।

हालांकि संयुक्त राज्य अमेरिका लगातार संघर्ष को बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इजरायली सरकार ने रविवार को औपचारिक रूप से युद्ध की घोषणा कर दी। साथ ही हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण सैन्य कदम को हरी झंडी दे दी।
एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि हमलों में कम से कम चार अमेरिकी नागरिक मारे गए और करीब 7 लापता हैं। फोर्ड के साथ अमेरिका क्रूजर यूएसएस नॉर्मंडी, विध्वंसक यूएसएस थॉमस हडनर, यूएसएस रैमेज, यूएसएस कार्नी और यूएसएस रूजवेल्ट भी भेज रहा है। क्षेत्र में अमेरिकी वायुसेना एफ-35, एफ-15, एफ-16 और ए-10 भी इलाके में भेजे जा रहे।
मामले में अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के मुताबिक उनकी सेनाएं ऐसी स्थिति के लिए हमेशा तैयार रहती हैं। इजरायली रक्षा बलों को युद्ध सामग्री सहित अतिरिक्त उपकरण और संसाधन तेजी से प्रदान किए जाएंगे। पहली सुरक्षा सहायता आज से शुरू हो जाएगी और आने वाले दिनों में पहुंच जाएगी।
वर्जीनिया स्थित कैरियर स्ट्राइक ग्रुप पहले से ही भूमध्य सागर में थे। पिछले हफ्ते ही उसने आयोनियन सागर में इटली के साथ नौसैनिक अभ्यास किया था।
बाइडेन ने नेतन्याहू से की बात
व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को फोन पर बात की। इस दौरान इजरायली पीएम ने पूरे परिवारों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों सहित हमास आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाने जाने पर चर्चा की। इस पर बाइडेन ने साफतौर पर कहा कि ये क्रूर अत्याचारों के सामने एकजुट होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications