Israel-Palestine Crisis: इजरायल में फंसी एक्ट्रेस नुसरत भरुचा, नहीं हो पा रहा संपर्क
फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास ने इजरायल पर हमला किया है, जिसके बाद दोनों देशों में युद्ध शुरू हो गया। ऐसे में वहां पर बहुत सारे भारतीय फंस गए हैं। जिसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरुचा का भी नाम शामिल है। उनकी टीम के एक सदस्य ने इसकी पुष्टि की है, तब से उनके फैन्स परेशान हैं।
उनकी टीम ने कहा कि नुसरत दुर्भाग्य से इजरायल में फंस गई हैं। वो हाइफा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भाग लेने के लिए वहां गई थीं। तभी वहां पर जंग जैसे हालात हो गए। फिलहाल उनकी टीम उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

उनकी टीम के एक सदस्य ने कहा कि आखिरी बार मैं उनसे शनिवार दोपहर 12.30 बजे के आसपास संपर्क करने में कामयाब रहा। उस वक्त वो एक तहखाने में सुरक्षित थीं। हालांकि टीम ने सुरक्षा करणों से उनके लोकेशन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। हम नुसरत को सुरक्षित भारत वापस लाने की कोशिश कर रहे और उम्मीद करते हैं कि वो सुरक्षित वापस लौटेंगी।
200 से ज्यादा लोग मारे गए
शनिवार को गाजा पट्टी में आतंकवादी समूह हमास और इजरायल के बीच पूर्ण युद्ध छिड़ गया, जिसमें कम से कम 200 लोग मारे गए। इसके अलावा 1000 से ज्यादा लोग घायल हैं।
इजरायली सेना के मुताबिक हमास के आतंकवादियों ने गाजा पट्टी से 5000 से ज्यादा रॉकेट दागे और सीमा के पास कई इजरायली सैनिकों को भी पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की।
पीएम ने किया युद्ध का ऐलान
वहीं प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने युद्ध का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम युद्ध में हैं, ऑपरेशन में नहीं। हमास ने इजरायल और उसके नागरिकों के खिलाफ एक जानलेवा हमला किया है। मैंने सबसे पहले घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों की बस्तियों को साफ करने का आदेश दिया। दुश्मन को ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी, जिसके बारे में उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा।












Click it and Unblock the Notifications