Israel Iran War: इजरायल और ईरान के बीच जंग दिनों में होगी खत्म या लग जाएंगे महीने? एक्सपर्ट्स से समझें
Israel Iran War: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव अब खुली जंग में बदल गया है। 28 फरवरी की सुबह अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने दो एयरक्राफ्ट कैरियर और करीब 70 फाइटर जेट्स तैनात किए हैं, जबकि इजरायल ने लगभग 30 ठिकानों को निशाना बनाया है। जवाब में ईरान ने मिसाइल हमले किए और क्षेत्रीय सहयोगी गुटों से समर्थन लिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह संघर्ष 3-4 दिन से लेकर 7-10 दिन तक चल सकता है। हालांकि, अगर ईरान लगातार जवाबी कार्रवाई करता रहा तो जंग कई हफ्तों तक खिंच सकती है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस टकराव और संभावित विस्तार पर टिकी है।

Israel Iran War: 7 से 10 दिन तक चल सकता है युद्ध
- मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव खुली सैन्य कार्रवाई में बदल चुका है। सैन्य तैयारियों और बयानों के बीच यह सवाल सबसे बड़ा है कि यह टकराव 7-10 दिनों में सिमटेगा या लंबा खिंचेगा।
- विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल कई महीनों से तैयारी कर रहे थे। अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में बड़े पैमाने पर सैन्य बल तैनात किया है, जिसे 2003 के इराक युद्ध के बाद सबसे बड़ी तैनाती बताया जा रहा है।
- दो बड़े एयरक्राफ्ट कैरियर, 70 से ज्यादा फाइटर जेट, 108 एयर टैंकर, क्रूज मिसाइलें और F-22 जेट्स क्षेत्र में सक्रिय हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि कार्रवाई जल्द खत्म होगी। विश्लेषकों का मानना है कि ईरान की प्रतिक्रिया पर बहुत कुछ निर्भर करेगा।
Israel Iran War Duration: ईरान के तेवर सख्त, लंबी खिंचेगी जंग?
इजरायल ने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के तहत ईरान के करीब 30 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। इजरायल का कहना है कि यह पहले रोकने वाली कार्रवाई है, क्योंकि उसे आशंका थी कि ईरान मिसाइल और ड्रोन से हमला कर सकता है। देश में इमरजेंसी लागू है और आयरन डोम जैसे रक्षा सिस्टम सक्रिय हैं। ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उसने अमेरिका के ठिकानों पर मिसाइलें दागने और इजरायल पर 70 बैलिस्टिक मिसाइलें छोड़ने का दावा किया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश युद्ध और शांति दोनों के लिए तैयार है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने अपने सुप्रीम लीडर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है।
Israel Iran War चला लंबा, तो बढ़ेंगी मुश्किल
युद्ध की अवधि को लेकर मतभेद हैं। कुछ विशेषज्ञों का अनुमान है कि अमेरिका की सैन्य बढ़त के कारण संघर्ष 7-10 दिनों में सीमित रह सकता है। वहीं, अन्य विश्लेषकों का कहना है कि यदि ईरान ने क्षेत्रीय समूहों और मिसाइल नेटवर्क के जरिए जवाब जारी रखा तो यह टकराव हफ्तों या महीनों तक खिंच सकता है। फिलहाल क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। एक बात तय है कि इस संग्राम का असर वैश्विक परिस्थितियों पर पड़ेगा। जंग जितनी लंबी खिंचेगी मिडिल ईस्ट के तनाव का असर सोने से लेकर पेट्रोल-डीजल, दवाइयों और खाद्यान्न तक पर पड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications