इजराइल में बंद हुए स्कूल-कॉलेज, नेतन्याहू के मंत्री ने कहा- सही वक्त आने पर ईरान से वसूलेंगे पूरी कीमत
इजराइल ने ईरान के हमले को लेकर कहा है कि वो सही समय पर ईरान से 'इसकी कीमत' वसूलेगा। इजराइल के वॉर कैबिनेट मंत्री बेनी गांट्ज ने कैबिनेट की बैठक शुरू होने से पहले कहा कि हम क्षेत्रीय स्तर पर एक रणनीतिक गठजोड़ बनाएंगे और ईरान से अपने हिसाब से उपयुक्त समय पर इस हमले की कीमत वसूलेंगे।
गांट्ज ने कहा कि ईरान एक वैश्विक समस्या है, यह एक क्षेत्रीय चुनौती है और यह इजराइल के लिए भी खतरा है। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया ईरान का सामना करने के लिए इजराइल के साथ खड़ी है। यह एक रणनीतिक उपलब्धि है, जिसका हमें इजराइल की सुरक्षा के लिए लाभ उठाना चाहिए।

बेनी गेट्ज ने कहा कि उनकी जर्मनी के विदेश मंत्री ऐनालिना बारबॉक से बातचीत हुई है और उन्होंने वैश्विक स्तर पर एकजुटता की बात कही है। इस बीच इजराइल की वॉर कैबिनेट में इस बात पर चर्चा हो कर रही है कि ईरान के हमले की जवाबी कार्रवाई की जाए या नहीं।
इजराइल में स्कूल-कॉलेज बंद
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल में ईरान के हमले को देखते हुए सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। IDF ने कहा कि ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले से पहले जारी किए गए होम फ्रंट कमांड प्रतिबंध सोमवार रात 11 बजे तक प्रभावी रहेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक देश में सभी शैक्षणिक गतिविधियों को रोक दिया गया है। इसके साथ ही पब्लिक मीटिंग में 1 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही गाजा और लेबनान सीमाओं के पास किसी भी मीटिंग पर सख्त प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे।
G7 ने ईरान के हमलों की निंदा की
G7 देशों ने इजराइल पर ईरान के हमलों की निंदा की है। G7 नेताओं द्वारा आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष, चार्ल्स मिशेल ने कहा कि G7 ग्रुप ने ड्रोन और मिसाइल हमले की "सर्वसम्मति से निंदा की" है। इसके साथ ही सभी पक्षों से संयम बरतने की भी अपील की गई है।












Click it and Unblock the Notifications