Israel-Hamas: इजराइली बंधकों की रिहाई के लिए तैयार हो सकता है हमास, इजराइल के साथ इस हफ्ते समझौता? जानें डील
Israel-Hamas hostage deal: गाजा में पिछले सवा सालों से चल रहा युद्ध 4क्या अब खत्म होने के काफी करीब पहुंच गया है और क्या 45 हजार से ज्यादा लोगों की जान लेने वाले युद्ध की आग की लपटें अब शांत पड़ने वाली हैं।
ये सवाल इसलिए, क्योंकि एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस हफ्ते के अंत तक इजराइल और फिलिस्तीनी उग्रवादी समूह हमास के बीच बंधक समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद हैं। इस समझौते के पहले चरण में कथित तौर पर फिलिस्तीनी कैदियों के बदले में 30 बंधकों को रिहा किया जाएगा, जिनमें जीवित और मृत दोनों शामिल हैं।

समझौते का पहला चरण लगभग 45-60 दिनों तक चलने वाला है और रिपोर्ट में कहा गया है, कि ज्यादातर प्रमुख मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है। द जेरूसलम पोस्ट ने सऊदी वेबसाइट अशरक अल-अवसत के हवाले से बताया है, दोनों देशों के बीच इस हफ्ते के अंत तक समझौता होने की उम्मीद काफी बढ़ गई है।
इस हफ्ते इजराइली बंधकों को रिहा करेगा हमास? (Israel-Hamas hostage deal)
हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोमवार को मध्यस्थों से मुलाकात के लिए एक इजराइली प्रतिनिधिमंडल दोहा पहुंचा था। वहीं, अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के डायरेक्टर बिल बर्न्स भी कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मिलने के लिए बुधवार को दोहा पहुंचे। जो, गाजा पट्टी में युद्धविराम समझौते और बंधक रिहाई समझौते पर "इजराइल और हमास के बीच अंतर को पाटेंगे"।
हमास ने बैठक को "गंभीर और सकारात्मक" बताया है। हालांकि, कई अज्ञात स्रोतों ने इजराइली मीडिया को बताया है, कि "समझौता होने वाला नहीं है", लेकिन हाल के हफ्तों में कई तरह के डेवलपमेंट्स हुए हैं।

इजराइल-हमास में अगर समझौता होता है, तो शर्तें क्या होंगी?
1- समझौते के पहले चरण में सात हफ्तों का युद्ध विराम शामिल होगा, जिसके दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग बंधकों को रिहा किया जाएगा
2- दूसरे चरण में सभी पुरुषों, सैनिकों और मारे गए बंधकों के शवों को वापस किया जाएगा। इसी चरण में, इजराइल को बड़ी संख्या में हमास कैदियों को रिहा करने के लिए कहा जाएगा, जिसे इजराइली अधिकारियों के लिए "पचाना आसान नहीं होगा"।
3- इजराइल गाजा पट्टी से अपनी वापसी भी शुरू करेगा और इस चरण में सेना को पूर्वी और उत्तरी सीमा क्षेत्रों में रहने की अनुमति दी जाएगी। इस चरण में युद्ध समाप्त घोषित किया जाएगा और गाजा पट्टी से नाकाबंदी हटा दी जाएगी, जिसमें क्रॉसिंग खोलना भी शामिल है।
4- समझौते में IDF सैनिकों को गाजा पट्टी के भीतर के शहरों से वापस बुलाना भी शामिल है। हालांकि, वे फिलाडेल्फिया और नेताज़्रिम कॉरिडोर में मौजूद रहेंगे, जो मिस्र के साथ सीमा के समानांतर चलते हैं और मध्य गाजा को काटते हैं।
5- इस समझौते से फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चों को उत्तरी गाजा में लौटने की भी अनुमति मिलेगी। हालांकि, IDF का ऑब्जर्वर तंत्र यह सुनिश्चित करेगा, कि हमास कार्यकर्ता और अन्य "आतंकवादी संगठनो" फिर से इस क्षेत्र पर कब्जा न कर लें।
अमेरिका, इजराइल और सऊदी अरब के साथ साथ अन्य मुस्लिम देशों के बीच सामान्यीकरण समझौते को लाने के लिए बातचीत में मध्यस्थता भी कर रहा है। इजराइल इन वार्ताओं में दिलचस्पी रखता है, खासकर सऊदी अरब के साथ, क्योंकि युद्ध के अगले दिन ही सऊदी अरब ने गाजा पट्टी के पुनर्निर्माण के लिए धन देने पर सहमति जताई थी। राष्ट्रपति जो बाइडेन की टीम के अधिकारी और भावी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम के अधिकारी भी सऊदी अरब के साथ उन वार्ताओं में शामिल हैं।
इस बीच इजराइली सेना लगातार गाजा पर बमबारी जारी रखे हुए है, और अभी तक 45 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट है।












Click it and Unblock the Notifications