काल बनकर गाजा पर हमले कर रहा इजराइल, हमास ने किया 'पूरी ताकत' से लड़ने का ऐलान, मारा गया एयर चीफ
Israel-Hamas War: हमास को मिटाने के लिए इजराइली सेना ने बमबारी के बीच गाजा पट्टी में टारगेटेड ग्राउंड ऑपरेशन भी शुरू कर दिए हैं, जिसके बाद समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी है, कि हमास ने इजराइल के खिलाफ 'पूरी ताकत' से लड़ने का ऐलान कर दिया है। हमास ने कहा है, कि वो इजराइली हमलों का 'पूरी ताकत' के साथ सामना करने के लिए तैयार है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा में इजरायल के बढ़ते हमलों के बाद फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह ने इजरायली सीमा के पास अपने लड़ाकों और इजरायली सैनिकों के बीच झड़प की सूचना दी है।

शुक्रवार रात को भीषण बमबारी के जरिए इजराइल ने गाजा पट्टी में इंटरनेट और संचार सेवाओं को ध्वस्त कर तक दिया है, जिससे करीब 21 लाख लोगों का बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। वहीं, गाजा पट्टी में जो भी मानवीय संस्थाएं काम कर रही हैं, उनका संपर्क भी बाहरी दुनिया से कट गया है। लिहाजा, गाजा पट्टी में वर्चुअल ब्लैकऑउट हो गया है।
इजराइल ने गाजा पट्टी में ग्राउंड अटैक को विस्तार देने की बात कही है। अभी गाजा के बाहरी क्षेत्रों में इजराइली ग्राउंड ऑपरेशन चल रहा है और इजराइली सेना पूरी तरह से शहर में दाखिल नहीं होगी, बल्कि वो धीरे धीरे आगे बढ़ रही है, लेकिन संस्थाओं का कहना है, कि इंटरनेट शटडाउन होने से कितने लोग मारे गये हैं, अस्पतालों के हालात क्या हैं और जमीनी हालात क्या हैं, इसका पता लगाना करीब करीब असंभव हो गया है।
इजराइली सेना की घोषणा ने संकेत दिया है, कि वह गाजा पर पूर्ण आक्रमण के करीब पहुंच रही है।
हमास का एयरचीफ मारा गया
वहीं, इजराइल की सेना ने कहा है, कि उसने गाजा में हमास के हवाई समूह के प्रमुख असेम अबू रकाबा को मार डाला है। अबू रकाबा हमास के मानवरहित हवाई वाहनों, ड्रोन, पैराग्लाइडर और एयर डिफेंस का प्रभारी था।
इजराइली सेना ने कहा है, कि अबू रकाबा 7 अक्टूबर को दक्षिणी इजराइली पर किए गये हमले के मास्टरमाइंडों में से एक था, जब हमास के सैकड़ों बंदूकधारियों ने पैराग्लाइडर पर इज़राइल में हमला किया था और 1,400 से अधिक लोगों को मार डाला था।

गाजा पट्टी बन रहा है कब्रिस्तान
दूसरी तरफ संयुक्त ने युद्धविराम का प्रस्ताव भले ही पास कर दिया हो, लेकिन इजराइल ने युद्धविराम के प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहले ही कह चुके हैं, कि ये मिशन हमास का नामो-निशान मिटाने के बाद ही खत्म होगा।
इजराइल अपने मारे गये 1400 नागरिकों की मौत का बदला लेने के लिए काल की तरफ हमास पर हमले कर रहा है और गाजा को कब्रिस्तान में तब्दील कर रहा है।
इस बीच हमास के एक अधिकारी ने गाजा से बंधकों की रिहाई के लिए बमबारी रोकने और युद्धविराम की शर्त रखी है, लेकिन ऐसा लगता है, कि इजराइल को हमास की शर्तों से अब कोई मतलब नहीं है, वो अब किसी भी शर्त को मानने के लिए तैयार नहीं है और अपने मकसद को हासिल करने के लिए आगे बढ़ रहा है।
पत्रकारों की सुरक्षा की गारंटी नहीं
वहीं, शुक्रवार को प्रकाशित रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इज़राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने अंतरराष्ट्रीय समाचार संगठनों से कहा है, कि वे गाजा से रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते।
अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसियों रॉयटर्स और एजेंस फ्रांस प्रेसे (एएफपी) ने इस सप्ताह इजरायली सेना से संपर्क किया था और आश्वासन लेने की कोशिश की थी, कि गाजा में जमीन पर उनके पत्रकारों को इजरायली हवाई हमलों का निशाना नहीं बनाया जाएगा।
आईडीएफ ने दोनों एजेंसियों को एक पत्र में जवाब देते हुए कहा, कि वे "पूरे गाजा में हमास की सभी सैन्य गतिविधियों को निशाना बना रहे हैं" और "इन परिस्थितियों में कर्मचारियों (पत्रकारों) की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते हैं, और दृढ़ता से उनसे आग्रह करते हैं, वो अपनी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय करें।"
इजराइली सेना ने यह भी कहा है, कि हमास ने जानबूझकर "पत्रकारों और नागरिकों के आसपास" सैन्य अभियान चलाया, ताकि जवाबी कार्रवाई में पत्रकारों को नुकसान पहुंचे। वहीं, रॉयटर्स ने जब हमास से इसपर सवाल किया, कि क्या आईडीएफ द्वारा लगाए गए ये आरोप सच हैं, तो उन्होंने तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।












Click it and Unblock the Notifications