'बहुत बड़ी गलती होगी', ग्राउंड ऑपरेशन से पहले बाइडेन ने इजराइल को दी चेतावनी, जानिए 10 बड़े अपडेट्स
Biden on Israel-Palestine War: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है, कि गाजा स्थित हमास को नष्ट किया जाना चाहिए, लेकिन "फिलिस्तीनी राज्य के लिए एक रास्ता" भी होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है, कि गाजा पर इजरायल का फिर से कब्जा एक "बड़ी गलती" होगी।
इजरायली सेना क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोतों की बढ़ती तैनाती के बीच इजराइली डिफेंस फोर्स बहुत जल्द गाजा पट्टी में ग्राउंड ऑपरेशन शुरू करने वाली है और इजरायल ने कहा है, कि आतंकवादी समूह हमास को खत्म करने के लिए ये एक व्यापक अभियान होगा। इजराइली एयरफोर्स जोरदार हवाई हमलों ने पूरे पड़ोस को ध्वस्त कर दिया है, लेकिन दूसरी तरफ से आतंकवादी समूह हमास अभी भी रॉकेट हमले कर रहा है।

गाजा में भयानक तबाही
इस बीच, गाजा पट्टी में ताज़ा हवाई हमलों की गूंज सुनी जा सकती है, आग के गोले रात भर आसमान को रोशन करते रहे, क्योंकि इज़राइल-हमास युद्ध सोमवार को अपने 10वें दिन में प्रवेश कर गया है।
गाजा मीडिया के मुताबिक, फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट ने कहा है, कि अल-कुद्स अस्पताल के पास पांच हवाई हमले किए गए हैं। इज़राइल ने अस्पताल को खाली करने के लिए शनिवार दोपहर तक की समय सीमा दी थी, जिसे रेड क्रिसेंट ने यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया, कि यह आदेश असंभव है।
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है, कि लड़ाई शुरू होने के बाद से 2,670 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 9,600 घायल हुए हैं, जो 2014 के गाजा युद्ध से काफी ज्यादा है। उस वक्त ये लड़ाई करीब छह हफ्तों तक चली थी।
हमास के 7 अक्टूबर के हमले में 1,400 से ज्यादा इजरायली मारे गए, जिनमें से अधिकांश नागरिक थे। इज़राइल के अनुसार, बच्चों सहित कम से कम 155 अन्य लोगों को हमास ने बंधक बना लिया है और उन्हें गाजा ले जाया गया है। 1973 में मिस्र और सीरिया के साथ हुए संघर्ष के बाद से यह इज़रायल के लिए सबसे घातक युद्ध है।

इजराइल-हमास युद्ध में बड़े अपडेट्स
1- अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइल की यात्रा को महत्व दिया, जबकि उन्होंने रविवार को गाजा पट्टी पर लंबे समय तक इजरायल के कब्जे के प्रति आगाह किया। हालांकि, रिपोर्टों से संकेत मिलता है, कि इज़राइल की यात्रा करने के बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के एक प्रवक्ता ने कहा, कि व्हाइट हाउस के पास घोषणा करने के लिए फिलहाल कोई तारीख नहीं है।
2- सीबीएस न्यूज के "60 मिनट्स" के साथ एक साक्षात्कार में बाइडेन ने अपने विश्वास पर जोर दिया, कि इज़राइल युद्ध के नियमों के अनुसार कार्य करेगा और निर्दोष नागरिकों को दवा, भोजन और पानी तक पहुंच मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मानना है कि इज़राइल को इस क्षेत्र को दीर्घकालिक रूप से नियंत्रित नहीं करना चाहिए, इसके बजाय इस क्षेत्र को "फिलिस्तीनी प्राधिकरण" द्वारा शासित किया जाना चाहिए। बाइडेन ने कहा, "अगर इजराइल फिर से नियंत्रण करता है, तो मुझे लगता है कि यह एक बड़ी गलती होगी।"
3- गाजा में डॉक्टरों ने रविवार को चेतावनी दी है, कि बिजली सप्लाई होने के बाद अस्पताल में हजारों मरीजों की मौत हो सकती है, क्योंकि घायल लोगों से भरे अस्पतालों में ईंधन और बुनियादी आपूर्ति की बेहद कमी हो गई है। जबकि, इजराइल ने कहा हुआ है, कि जब तक इजराइली बंधकों को मुक्त नहीं किया जाता है, गाजा में एक बूंद तक पानी की सप्लाई या बिजली के एक कतरे की भी सप्लाई नहीं होने दी जाएगी।

4- लेबनान के साथ इजराइल की सीमा पर रविवार को लड़ाई फिर से तेज हो गई, जिसमें हिजबुल्लाह आतंकवादियों ने रॉकेट और एंटी-टैंक मिसाइलें दागीं और इजराइल ने हवाई हमले और गोलाबारी से जवाब दिया। इज़रायली सेना ने भी अपनी एक सीमा चौकी पर गोलीबारी की सूचना दी। लड़ाई में इज़रायली पक्ष के कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और सीमा के दोनों ओर कई लोग घायल हो गए।
5- सरकारी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बताया कि एक इजरायली ड्रोन ने रविवार देर रात दक्षिण लेबनान के कफ़र किला शहर के पश्चिम में एक पहाड़ी पर दो मिसाइलें दागीं हैं।
6- इज़राइल के मुख्य सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने गाजा सिटी से लोगों को बाहर निकल जाने के लिए कहा है, जबकि हमास ने लोगों से अपने घरों में ही रहने की चेतावनी दी है। लेकिन, रिपोर्ट है, कि हमास के धमकियों के बाद भी करीब 6 लाख लोगों ने गाजा सिटी छोड़ दिया है।
7- ईरान ने इज़राइल को फ़िलिस्तीनियों के ख़िलाफ़ आक्रामकता ख़त्म करने की चेतावनी दी है और धमकी दी है, कि ये लड़ाई और तेज हो सकती है। ईरान के विदेश मंत्री ने चेतावनी दी है, कि हमला फौरन नहीं रूकने से अन्य पार्टियां भी कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
8- मिस्र ने कहा है, कि उसने गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए राजनयिक प्रयास तेज कर दिए हैं। राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से कहा, कि इजरायल की बमबारी अनुपातहीन थी। विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, कि ब्लिंकन अपनी मध्य पूर्व शटल कूटनीति को एक दिन के लिए बढ़ाते हुए सोमवार को इज़राइल लौटेंगे।

9- दक्षिण कैरोलिना के सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा है, कि अमेरिकी सीनेटरों का एक समूह इजरायल और सऊदी अरब को संबंधों को सामान्य बनाने पर बातचीत जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मध्य पूर्व की यात्रा करेगा।
10- द टाइम्स ऑफ इज़राइल की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलिस्तीनी प्राधिकरण के वफ़ा मुखपत्र ने एक बयान के उस हिस्से को हटा दिया है, जिसमें राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने हमास की आलोचना की थी। वफ़ा की एक रिपोर्ट में शुरू में कहा गया था, कि फिलिस्तीन के राष्ट्रपति अब्बास ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से कहा, कि हमास की नीतियां और कार्य "फिलिस्तीनी लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं" और फिलिस्तीन मुक्ति संगठन फिलिस्तीनी लोगों का एकमात्र वैध प्रतिनिधि है।












Click it and Unblock the Notifications