Washington में मोहब्बत का अंत! सगाई की तैयारी थी, अंगूठी भी खरीदी, उससे पहले ही यारोन-सारा की दर्दनाक हत्या
Israel Embassy Yaron Sarah Murder: वाशिंगटन डीसी में बुधवार रात (21 मई- स्थानीय वक्त) हुए एक सनसनीखेज हमले ने पूरी दुनिया को हिला दिया। राजधानी के कैपिटल यहूदी संग्रहालय के बाहर एक कार्यक्रम के दौरान इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों को गोली मार दी गई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक युवा जोड़ा था, जो जल्द ही सगाई करने वाला था।
इस हमले ने न सिर्फ अमेरिकी राजधानी की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि इजरायली मिशनों की वैश्विक सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। आइए सिलसिलेवार जानें सबकुछ...

क्या हुआ उस रात?
बुधवार रात (21 मई- स्थानीय वक्त) करीब 9 बजे, एक व्यक्ति संग्रहालय के बाहर टहलते हुए देखा गया, जहां अमेरिकी यहूदी समिति द्वारा युवा राजनयिकों के लिए स्वागत समारोह आयोजित किया जा रहा था। जब कार्यक्रम खत्म हुआ और लोग बाहर निकलने लगे, तो वह संदिग्ध व्यक्ति चार लोगों के समूह के पास पहुंचा और बिल्कुल करीब से गोली चला दी।
इस गोलीबारी में एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। दोनों इजरायली दूतावास में काम करते थे और जल्द ही यरुशलम में सगाई करने की योजना बना रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक ने हाल ही में एक अंगूठी खरीदी थी।
हमलावर कौन है?
पुलिस ने हमलावर की पहचान 31 साल के शिकागो निवासी एलियास रोड्रिगेज (Elias Rodriguez) के रूप में हुई है। हमला करने के बाद वह सीधे संग्रहालय के अंदर गया, जहां सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। हिरासत में लेने के बाद उसने 'Free, Free Palestine!' के नारे लगाए।
दिलचस्प बात यह है कि उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल, जांच चल रही है कि क्या ये पूर्व नियोजित हमला था या कट्टर विचारधारा से प्रभावित कोई तात्कालिक कदम।
इजरायल और US के PM ने इस हमले पर क्या कहा?
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Israeli PM Benjamin Netanyahu) ने इस हमले को 'यहूदी विरोधी जघन्य कृत्य' बताया और दुनिया भर के इजरायली मिशनों की सुरक्षा को बढ़ाने का आदेश दिया। अमेरिका में इजरायल के राजदूत येचिएल लीटर ने भी घटना पर दुख जताया और बताया कि पीड़ित जोड़ा बेहद प्यारा और भावुक रिश्ता निभा रहा था।
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भी सोशल मीडिया पर इस हमले की निंदा करते हुए लिखा, 'नफरत और कट्टरपंथ के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं है।'
दूतावास ने किया एक पोस्ट
इजरायली दूतावास ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा, 'यारोन और सारा हमारे साथी और दोस्त थे। आज शाम, जब वे कार्यक्रम से बाहर निकले, तो एक आतंकवादी ने उनकी हत्या कर दी। हम गहरे दुख में हैं।'
क्या यह प्लांड हमला था?
FBI और स्थानीय पुलिस इस मामले को लक्षित हिंसा के रूप में देख रही है। एफबीआई के उप निदेशक डैन बोंगिनो (FBI Deputy Director Dan Bongin) ने इसे 'एक संभावित योजनाबद्ध हमला' बताया। इस स्थान की संवेदनशीलता को देखते हुए - जहां पास ही यूएस कैपिटल, एफबीआई ऑफिस और जस्टिस डिपार्टमेंट के मुख्यालय हैं - सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications