इस्लामी स्कूल की बिल्डिंग गिरने से मचा हाहाकार, मलबे में 65 छात्रों के दबे होने की आशंका, कैसे हुआ हादसा?
Islamic School Building Collapses in Indonesia: इंडोनेशिया के पूर्वी जावा के सिदोआरजो शहर स्थित अल खोज़िनी इस्लामी बोर्डिंग स्कूल से एक भयानक दुर्घटना की खबर आ रही है। मंगलवार सुबह 12 घंटे से अधिक समय तक चले बचाव अभियान के बावजूद, ढही हुई एक इमारत के मलबे में कम से कम 65 छात्रों के दबे होने की आशंका है।
इस दुखद घटना में अब तक एक छात्र की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों घायल हुए हैं। बचावकर्मी, पुलिस और सेना के जवान घंटों से अस्थिर कंक्रीट के मलबे के बीच से जीवित बचे लोगों तक ऑक्सीजन और पानी पहुंचा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी भी कीमत पर जिंदा बाहर निकाला जा सके। यह पूरी घटना उस समय हुई जब छात्र दोपहर की नमाज अदा कर रहे थे।

मलबे में दबे छात्रों तक जिंददगी पहुंचाने की जंग
यह बचाव अभियान रात भर चला और गिरने वाले स्ट्रक्चर के नीचे से आठ घायल छात्रों को निकाला गया। ये छात्र 12 से 17 वर्ष की आयु के हैं, जो सातवीं से ग्यारहवीं कक्षा के बीच के थे। बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि मलबे के नीचे उन्हें और भी शव दिखाई दिए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। बचाव दल के एक अधिकारी, नानंग सिगिट के अनुसार, सैकड़ों बचावकर्मी इस काम में लगे हुए हैं, लेकिन कंक्रीट के भारी स्लैब और अस्थिर मलबा बचाव के प्रयासों में बाधा डाल रहा है।
उन्होंने बताया, 'हम उन लोगों तक ऑक्सीजन और पानी पहुंचा रहे हैं जो अभी भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं, और हम उन्हें बाहर निकालने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।' हालांकि भारी उपकरण उपलब्ध हैं, लेकिन मलबे के और धंसने की आशंका के कारण उनका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
अस्पताल और कमांड पोस्ट पर परिजनों का जमावड़ा
स्कूल परिसर में बनाए गए कमांड पोस्ट पर लगी एक नोटिस बोर्ड पर मंगलवार सुबह तक 65 छात्रों के लापता होने की सूची देखी गई। अपने बच्चों का नाम सूची में देखकर परिजनों की भीड़ अस्पतालों और ढही हुई इमारत के पास जमा हो गई है। धूल से सने, घायल छात्र को मलबे से बाहर खींचते देख कई रिश्तेदारों का रोना फूट पड़ा।
अवैध निर्माण बना तबाही का कारण
न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता जूल्स अब्राहम अबास्त ने बताया कि छात्र जिस इमारत में नमाज अदा कर रहे थे, उसका अवैध रूप से विस्तार किया जा रहा था, और यह उसी दौरान अचानक ढह गई। अधिकारियों ने बताया कि पुराना प्रेयर हॉल दो मंज़िला था, लेकिन उस पर बिना किसी अनुमति के दो और मंजिलें जोड़ी जा रही थीं। फिलहाल अधिकारी इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications