मारा गया ISIS का सरगना और मोस्ट वॉन्टेड आतंकी बगदादी, संगठन ने की पुष्टि
मोसुल। आईएसआईएस का सरगना और मोस्ट वॉन्टेड आतंकी अबु बकर अल बगदादी मारा गया है। टीवी चैनल अल सुमारिया ने एक सूत्र के हवाले से इस बात की जानकारी दी है। इराक के प्रांत निनेवह में बगदादी की मौत की जानकारी दी है। न्यूज चैनल का कहना है कि उसके उत्तराधिकारी के नाम के बारे में जल्द ही ऐलान किया जाएगा। आईएसआईएस की ओर से भी बगदादी की मौत की पुष्टि की गई है।

रूस ने किया था ऐलान
रूस के रक्षा मंत्रालय ने जून में इस बात का ऐलान किया था कि बगदादी और 300 आतंकी रूस के हवाई हमले में मारे गए हैं। यह हमला सीरिया में मई में हुआ था। कई और मीडिया आउटलेट्स की ओर से बगदादी के मौत के बारे में कई जानकारियां दी गईं लेकिन इस खबर की पुष्टि कभी नहीं हुई। 45 वर्ष के बगदादी ने जून 2014 में खुद को खलीफा घोषित किया था। उसने इराक के शहर मोसुल से ही अपनी सल्तनत का ऐलान किया था और फिर सीरिया पर कब्जे की तरफ बढ़ा था। वर्ष 2014 में ही अमेरिका ने उसे मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में डाला था और उसे पकड़े जाने या फिर उसकी मौत पर कई बिलियन डॉलर का इनाम तक घोषित किया गया था।
आईएसआईएस से आजाद मोसुल
चैनल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि आईएसआईएस आतंकियों ने अपने नेता के मारे जाने पर एक छोटा सा बयान जारी किया है। ईरान के कुछ मीडिया संस्थान बगदादी की मौत से जुड़ी तस्वीरों को भी जारी कर चुके हैं। इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी ने रविवार को मोसुल शहर को आईएसआईएस के चंगुल से आजाद कराने की आधिकारिक घोषणा की है। सोमवार को उन्होंने अपने पहले संबोधन में कहा कि मैं पूरी दुनिया के सामने आईएसआईएस के आतंकवाद के खात्मे का ऐलान करता हूं, जिसका उन्होंने तीन साल पहले यहां आगाज किया था। इराकी सुरक्षाबलों के कमांडर-इन-चीफ अबादी ने मोसुल का दौरा भी किया था और सैन्य कमांडरों के साथ बैठक की थी।












Click it and Unblock the Notifications