Vienna Attack: ISIS ने ली ऑस्ट्रिया में हुए हमले की जिम्मेदारी
विएना। ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना में हुए दर्दनाक आतंकी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) ने ली है। इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है और हमले को 20 साल के आतंकी कुजतिम फेजजुलाई ने अंजाम दिया था। कुजतिम ने आईएसआईएस से जुड़े होने के कारण कुछ समय जेल में भी बिताया था। यूरोप के अहम शहर ऑस्ट्रिया में मंगलवार से कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन प्रभावी होने वाला था लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले राजधानी विएना खतरनाक आतंकी हमले से दहल गई।

Recommended Video
अब तक 14 लोग गिरफ्तार
ऑस्ट्रिया के चासंलर सेबेस्चियन कुर्ज ने इस हमले के बाद 'राजनीतिक इस्लाम' को यूरोप की तरफ से जवाब देने की बात कही है। मंगलवार को जांचकर्ता हमले की हर एक कड़ी को जोड़ने की कोशिशें करते रहे। आतंकी कुजतिम ने एके-47 से विएना के व्यस्त इलाके को निशाना बनाया। आईएसआईस ने कुजतिम को एक सिपाही करार दिया है जो हमले के लिए जिम्मेदार है। पुलिस ने कुजतिम को भी ढेर कर दिया था। इसके अलावा 18 अलग-अलग पतों की जांच की गई और अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। माना जा रहा है कि ये सभी कुजतिम से जुड़े हैं। गृहमंत्री कार्ल नेहम्मार के मुताबिक जो वीडियो सीसीटीवी से मिला है उसमें दूसरे हमलावर के बारे में कोई सुबूत नहीं मिला है।
पिछले वर्ष जेल जा चुका है आतंकी
विएना पुलिस ने उन लोगों से आगे आने की अपील की है जिन्होंने हमले का वीडियो मोबाइल पर बनाया है। पुलिस ने कहा है कि अगर उनके पास कोई रिकॉर्डिंग है तो वो सोशल मीडिया पर उसे शेयर करने की जगह इस रिकॉर्डिंग को उन्हें सौंप दें ताकि उन्हें हमलावर के राजधानी तक आने की जानकारी मिल सके। आतंकी कुजतिम के कंप्यूटर से जांचकर्ताओं को कई ऐसे सुबूत हाथ लगे हैं जिससे उसके खतरनाक इरादों का पता चलता है। इसमें वह फोटोग्राफ भी शामिल है जिसमें उसे एक ऑटोमैटिक हथियार के साथ देखा जा सकता है। गृहमंत्री के मुताबिक कुजतिम को पिछले वर्ष अप्रैल में आतंकी वारदात में शामिल होने की वजह से जेल भेजा गया था। उसे अथॉरिटीज ने तब गिरफ्तार किया था जब वह सीरिया जाने की कोशिशें कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications