अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर मिसाइ दागने के बाद बोला ईरान- हमने वही किया जो हमारे लोग चाहते थे
नई दिल्ली। ईरान ने अपने वरिष्ठ जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला लेने के लिए बुधवार तड़के इराक स्थित अमेरिका के तीन सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागी। ईरान ने यह भी दावा किया कि इस हमले में कम से कम 80 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। भारत में ईरान के राजदूत डॉ अली चेगेनी ने कहा कि हमने जो भी किया है वह हमारी प्रतिक्रिया का हिस्सा है। जनरल कासिम सोलेमानी के अंतिम संस्कार में भाग लेने वाले लाखों लोगों ने सरकार से इसकी मांग की थी। हमने यह कर दिया। हम युद्ध नहीं चाहते। हम भारत सहित अपने भाइयों और बहनों के साथ इस क्षेत्र में शांति से रह रहे हैं। हम इस क्षेत्र में कोई तनाव नहीं चाहते हैं।

अली चेगेनी ने कहा कि ईरान अपने सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी के मारे जाने के बाद अमेरिका के साथ बढ़े तनाव को घटाने में भारत की किसी भी शांति पहल का स्वागत करेगा। ईरान के राजदूत ने यह आशा भी जताई कि उनके देश और अमेरिका के बीच आक्रामकत और अधिक नहीं बढ़ेगी। ईरान के दूतावास में सुलेमानी के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा के बाद चेगेनी ने संवाददाताओं से कहा, ''दुनिया में शांति बनाए रखने में सामान्य तौर पर भारत बहुत अच्छी भूमिका निभाता है। साथ ही भारत इसी क्षेत्र में है। हम सभी देशों, खास तौर से अपने मित्र भारत की ओर से ऐसे किसी भी कदम का स्वागत करेंगे तो तनाव को बढ़ने ना दे।''
उन्होंने कहा, ''हम युद्ध नहीं चाहते हैं, हम क्षेत्र में सभी लोगों के लिए शांति और समृद्धि चाहते हैं। हम भारत के किसी भी कदम और परियोजना का स्वागत करते हैं जो दुनिया में शांति और समृद्धि लाने में मददगार हो।''गौरतलब है कि पिछले सप्ताह शुक्रवार को इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरान के शीर्ष कमांडर कासिम सुलेमानी के मारे जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव अभूतपूर्व रूप से बढ़ गया है।












Click it and Unblock the Notifications