ईरान ने परमाणु ठिकानों पर फिर शुरू किया काम, फोर्डो-इस्फहान की नई तस्वीरों ने बढ़ाई अमेरिका-इजरायल की धड़कनें
Iran Resumes Work at Nuclear Sites: ईरान और इजरायल के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर की गई एयरस्ट्राइक के बाद अब ईरान ने क्षतिग्रस्त परमाणु केंद्रों पर फिर से काम शुरू कर दिया है।
बिजनेस इनसाइडर और अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नई सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के फोर्डो यूरेनियम संवर्धन केंद्र के पास काफी गतिविधि देखी गई है। तस्वीरों में बमबारी से बने गहरे गड्ढों के आसपास बुलडोजर और खुदाई मशीनें काम करते हुए नजर आ रही हैं। साथ ही सुरंगों के प्रवेश द्वारों और निकासी वेंट के पास ताजा निर्माण कार्य भी दर्ज किया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह गतिविधियां सिर्फ मलबा हटाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हो सकता है कि ईरान सुरंगों को और गहराई तक सुरक्षित करने या नई किलेबंदी की तैयारी कर रहा हो।

सैटेलाइट इमेजरी में यह भी सामने आया है कि इस्फहान स्थित एक प्रमुख परमाणु साइट की सुरंग का वह प्रवेश द्वार, जो कथित रूप से हमले में क्षतिग्रस्त हुआ था, आंशिक रूप से फिर से खोला गया है और वहां मरम्मत व निर्माण कार्य जारी है।
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंधु: ईरान-इज़राइल संघर्ष के बीच भारत ने 3,400 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित निकाला
गौरतलब है कि 13 जून 2025 से ईरान-इजरायल के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था। इसके जवाब में अमेरिका ने 21 जून की रात को ईरान के कई परमाणु स्थलों फोर्डो और इस्फहान समेत पर एयरस्ट्राइक की थी। अमेरिकी रक्षा विभाग ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा था कि यह कार्रवाई "क्षेत्रीय अस्थिरता को रोकने" के उद्देश्य से की गई थी।
इसके बाद ईरान ने भी कड़ा जवाब देते हुए अमेरिका के कतर स्थित सैन्य बेस को निशाना बनाया था। हालांकि, 24 जून 2025 से ईरान और इजरायल के बीच संघर्षविराम (सीजफायर) लागू हो चुका है।
हालांकि ईरान सरकार ने सार्वजनिक रूप से किसी मरम्मत कार्य की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इन सैटेलाइट तस्वीरों से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि तेहरान अपनी परमाणु क्षमता को बनाए रखने के लिए तेजी से पुनर्निर्माण में जुट गया है।












Click it and Unblock the Notifications